चीन में पाइपलाइन विस्फोट, 35 लोगों की मौत
Advertisement

चीन में पाइपलाइन विस्फोट, 35 लोगों की मौत

चीन के तटवर्ती किंगदाओ शहर में शुक्रवार कोएक पेट्रोलियम पाइपलाइन में आग लगने के बाद हुए विस्फोट में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई।

बीजिंग : चीन के तटवर्ती किंगदाओ शहर में शुक्रवार कोएक पेट्रोलियम पाइपलाइन में आग लगने के बाद हुए विस्फोट में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना भारतीय समयानुसार दिन में एक बजे हुई। सरकारी चैनल सीसीटीवी के अनुसार इस घटना में कम से कम 35 लोग मारे गए और 130 घायल हुए हैं।
संवाद समिति शिन्हुआ के अनुसार घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
किंगदाओ सरकार के जनसम्पर्क कार्यालय ने कहा कि दुर्घटना हुआंगदाओ जिले में उस समय हुई जब श्रमिक पाइपलाइन में रिसाव की मरम्मत कर रहे थे।
इस पाइपलाइन से तेल की आपूर्ति सुबह ही रोक दी गई थी। किंगदाओ नगरपालिका क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण ब्यूरो ने कहा कि आग बुझा दी गई है और तेल को समुद्र में जाने से रोकने के लिए बैरीकेड लगा दिये गए हैं।
176 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन हुआंगदाओ स्थित तेल डीपो को वेईफांग शहर से जोड़ती है जहां पर कुछ पेट्रोकेमिकल संयंत्र हैं। यह सरकारी सिनोपेक की है जो देश का सबसे बड़ा तेल शोधक कारखाना है।
तट के नजदीक स्थित दुर्घटना स्थल के आसपास सीमेंट और मलबे के टुकड़े बिखरे पड़े हैं। पानी में दो से तीन मीटर की लंबाई में तेल की परत देखी जा सकती है।
शहर के समुद्री सुरक्षा प्रशासन ने कहा कि उन्हें समुद्र में विस्फोट संबंधी प्रदूषण की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने विस्फोट स्थल के आसपास गश्त बढ़ा दी है। विस्फोट के कारण की जांच की जा रही है। (एजेंसी)

Trending news