निशानेबाज सोढ़ी खेल रत्न, विराट अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए
Advertisement

निशानेबाज सोढ़ी खेल रत्न, विराट अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए

लगातार दो विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैप निशानेबाज रंजन सोढ़ी के नाम की सिफारिश मंगलवार को प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई जबकि चयन समिति ने स्टार क्रिकेटर विराट कोहली को उन 14 खिलाड़ियों में चुना जिन्हें अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा।

नई दिल्ली : लगातार दो विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैप निशानेबाज रंजन सोढ़ी के नाम की सिफारिश मंगलवार को प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई जबकि चयन समिति ने स्टार क्रिकेटर विराट कोहली को उन 14 खिलाड़ियों में चुना जिन्हें अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि हाल में संपन्न हुई विश्व चैम्पियशिप में कांस्य पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एकल बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।
सिंधु के अलावा राष्ट्रमंडल खेल 2010 में राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ कांस्य पदक जीतने वाले त्रिकूद के रंजीत माहेश्वरी और उभरते हुए गोल्फ खिलाड़ी गगनजीत भुल्लर को महान बिलियर्डस खिलाड़ी माइकल फरेरा की अगुआई वाली चयन समिति ने इस साल अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना है।
पिछले साल लंदन ओलंपिक खेलों में नाकामी का सामना करने वाले सोढ़ी दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी हैं। उन्होंने पिछले साल एशियाई खेलों में डबल ट्रैप का स्वर्ण पदक जीतने के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक भी जीता था।
खेल मंत्रालय से सोढ़ी के नाम को स्वीकृति मिलने के साथ ही वह खेल रत्न पुरस्कार से नवाजे जाने वाले सातवें निशानेबाज बन जाएंगे।
रोचक तथ्य यह है कि लगातार तीसरे साल खेल रत्न पुरस्कार निशानेबाज को दिया जा रहा है। वर्ष 2011 में यह पुरस्कार गगन नारंग जबकि पिछले साल विजय कुमार को दिया गया था। (एजेंसी)

Trending news