मतदान से पहले हिलेरी और डोनाल्ड की विज्ञापन जंग शुरू
Advertisement

मतदान से पहले हिलेरी और डोनाल्ड की विज्ञापन जंग शुरू

अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव अभियान के अखिरी दौर में हिलेरी क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप दोनों ने विज्ञापन जंग छेड़ी है जिसपर लाखों डालर खर्च किए गए हैं और इस क्रम में अहम राज्यों में इश्तिहारों की ‘कार्पेट बांबिंग’ की जा रही है।

मतदान से पहले हिलेरी और डोनाल्ड की विज्ञापन जंग शुरू

ओरलैंडो : अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव अभियान के अखिरी दौर में हिलेरी क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप दोनों ने विज्ञापन जंग छेड़ी है जिसपर लाखों डालर खर्च किए गए हैं और इस क्रम में अहम राज्यों में इश्तिहारों की ‘कार्पेट बांबिंग’ की जा रही है।

इश्तिहारी जंग ऐसे वक्त छेड़ी गई है जब हिलेरी का कैंपेन विदेश मंत्री के रूप में उनके निजी ईमेल सर्वर के उपयोग पर एफबीआई के बयान के प्रभावों से निबटने के लिए संघर्ष कर रहा है। नवीनतम जनमत सर्वेक्षणों में ट्रंप की लोकप्रियता में सुधार हो रहा है। कई राष्ट्रीय जनमत संग्रहों में वह हिलेरी के करीब होते दिख रहे हैं। ऐसी स्थिति में चुनाव का नतीजा इस पर निर्भर करेगा कि अहम राज्य किस उम्मीदवार का पक्ष लेते हैं।

हिलेरी और ट्रंप के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के चुनावी दौरों के मद्देनजर ओहायो और फ्लोरिडा प्रांत चुनावी नक्शे पर प्रमुखता ग्रहण करते दिख रहे हैं। मतदान से पहले वाले हफ्ते के पहले दिन हिलेरी ने फ्लोरिडा में तीन-तीन रैलियों को संबोधित किया। ओबामा हिलेरी के लिए अभियान चलाने ओहायो में थे। ट्रंप ने पेन्सिल्वानिया में अभियान चलाया। वह अगले दो दिन के दौरान फ्लोरिडा में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे।

हिलेरी के बाद ओबामा भी फ्लोरिडा का रूख करेंगे। वहां वह कई रैलियों को संबोधित करेंगे। इस बीच, हिलेरी और ट्रंप दोनों की तरफ से कल कई वीडियो कमर्शियल जारी किए गए और उम्मीद की जा रही है कि उनके समर्थक समूह इन इश्तिहारों पर 4 करोड़ 20 लाख डालर (तकरीबन 280 करोड़ 71 लाख रूपये) की विशाल रकम खर्च करेंगे।

ट्रंप के अभियान ने ‘च्वाइस’ के नाम से एक टेलीविजन कमर्शियल जारी किया। ‘हिलेरी फॉर अमेरिका’ भी नए विज्ञापन जारी कर रहे हैं जिसमें रिपब्लिकन मतदाता कह रहे हैं कि महिलाओं के प्रति ट्रंप के रूख के बाद वह किस तरह हिलेरी का समर्थन कर रहे हैं।

Trending news