पाक ने भारतीय सुरक्षा बलों पर लगाया सीज़फायर उल्लंघन का आरोप
Advertisement

पाक ने भारतीय सुरक्षा बलों पर लगाया सीज़फायर उल्लंघन का आरोप

भारतीय सुरक्षा बलों पर संघर्ष विराम उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पाकिस्तान ने भारत के उप उच्चायुक्त को तलब कर इसके खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

इस्लामाबाद: भारतीय सुरक्षा बलों पर संघर्ष विराम उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पाकिस्तान ने भारत के उप उच्चायुक्त को तलब कर इसके खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भारतीय सैनिकों द्वारा हरपाल सेक्टर में बिना उकसावे के कथित संघर्ष विराम उल्लंघनों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए महानिदेशक (दक्षिण एशिया और दक्षेस) ने पाकिस्तान में भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब किया था। 

मंत्रालय ने कहा कि भारतीय बलों ने कथित तौर पर जांदरोत, निखियाल और करेला सेक्टरों में भी बिना उकसावे के गोलीबारी की, जिसमें एक और नागरिक मारा गया और चार अन्य घायल हो गये। विज्ञप्ति में कहा गया कि एलओसी और कामकाजी सीमा पर भारतीय सुरक्षा बलों की ओर से लगातार बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन करने के संबंध में उप उच्चायुक्त को पाकिस्तान की चिंताओं से अवगत कराया गया है।

मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत से संघर्ष विराम उल्लंघन तत्काल रोकने और 2003 के संघर्ष विराम समझौते का पालन करने का अनुरोध किया है। इससे पहले पाकिस्तान ने सोमवार को सिंह को तलब कर कथित संघर्ष विराम उल्लंघन पर विरोध दर्ज कराया था। इससे एक दिन पहले ही भारत ने एलओसी पर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा संघर्ष विराम के उल्लंघन की हालिया घटनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल 23 अगस्त को पहली बार आतंकवाद से संबंधित विषयों पर बातचीत के लिए नई दिल्ली में पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीत से मुलाकात कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पिछले महीने रूस के उफा में हुई मुलाकात में यह फैसला किया गया था। 

स्वतंत्रता दिवस से लेकर अब तक जम्मू-कश्मीर में कई भारतीय चौकियों और असैन्य क्षेत्रों पर पाकिस्तानी जवानों की ओर से हमलों में छह लोग मारे जा चुके हैं। भारत ने 16 अगस्त को नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित को तलब किया था और पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा बिना उकसावे के की जा रही गोलीबारी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

Trending news