नागरिकता कानून पर ममता बनर्जी की रैली, NRC को बताया लोकतंत्र पर हमला

नागरिकता संशोधन कानून और NRC का ममता बनर्जी लगातार विरोध कर रही हैं. इसके विरोध में उन्होंने सिलीगुड़ी में एक रैली आयोजित की है जिसमें वो केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही हैं.

Written by - Zee Hindustan Web Team | Last Updated : Jan 3, 2020, 02:03 PM IST
    • नागरिकता कानून पर ममता बनर्जी की रैली
    • NRC को बताया लोकतंत्र पर हमला
    • तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हो रहे हैं शामिल
    • पीयूष गोयल बोले- विपक्ष लोगों को भड़का रहा
 नागरिकता कानून पर ममता बनर्जी की रैली, NRC को बताया लोकतंत्र पर हमला

कोलकाता: नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजेंस (एनआरसी) व सिटिजेनशिप एमेंडमेंट एक्ट (सीएए) के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस अध्यक्षा व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज सिलीगुड़ी शहर में एक महाजुलूस और रैली करने जा रही हैं. उन्होंने लोगों से कहा कि नागरिकता संशोधन कानून और नागरिकता रजिस्टर भारत के लोकतंत्र पर हमला है, इसलिये सब लोग इसके विरोध में अपने घरों से निकलें.

तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हो रहे हैं शामिल

महाजुलूस के लिए पूरे उत्तर बंगाल से लोगों की सिलीगुड़ी आना जारी है. ममता बनर्जी एक दिन पहले ही यानी गुरुवार शाम को ही यहां पहुंच गयी थीं. शहर के दार्जिलिंग मोड़ के निकट मल्लागुड़ी स्थित मैनाक टूरिस्ट लाॅज के सामने मंच तैयार किय गया. यहां पर राज्य के मंत्रियों व तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा लगा है. मुख्यमंत्री के महाजुलूस के मद्देनजर शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गयी है. यह महाजुलूस हिलकार्ट रोड पर प्रधान नगर थाना मोड़, सिलीगुड़ी जंक्शन, महानंदा ब्रिज, एयर व्यू मोड़, सेवक मोड़ व हाशमी चौक होते हुए अस्पताल मोड़, कचहरी रोड, कोर्ट मोड़, सिलीगुड़ी नगर निगम होते हुए बाघाजतीन पार्क तक जा कर संपन्न होगा.

पीयूष गोयल बोले- विपक्ष लोगों को भड़का रहा

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में शुक्रवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के पक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) सरकारी योजनाओं और नीतियों को लागू करने में मदद करता है लेकिन विपक्ष एनपीआर के जरिये लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है.

NRC के बारे में दुनिया को समझायेगा भारत

दुनिया के देशों में भारत की राष्ट्रवादी सरकार के विरोधी देश के कानूनों की तस्वीर को विकृत करके दिखा रहे हैं. ऐसे में भारत सरकार ने फैसला किया है कि वो दुनिया भर में NRC और नागरिकता कानून के बारे में लोगों को जानकारी देगी. भारतीय विदेश मंत्रालय ने ये ज़िम्मेदारी अपने कंधों पर ली है कि वह दूसरे देशों को नागरिकता संशोधन क़ानून और नेशनल रजिस्टर ऑफ़ सिटीजनशिप अच्छी तरह से समझायेगा ताकि किसी को कोई संदेह नहीं रहे. इस कदम से भारत का अपने सही कामों के प्रति आत्मविश्वास साफ़ साफ़ दिखाई दे रहा है.

ये भी पढ़ें- नागरिकता क़ानून और सिटिजनशिप रजिस्टर दुनिया को समझायेगा भारत

 

 

 

 

ट्रेंडिंग न्यूज़