)
Iqra Hasan Choudhary speech: उत्तर प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट से सपा की सांसद इकरा हसन ने लोकसभा में आज यानी 25 जुलाी को शामली से वैष्णों देवी और प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग की हैं. उन्होंने कहा, "कैराना में रेलवे मंत्रालय से संबंधित मुख्तलिफ समस्याएं काफी लंबे वक्त से लंबित हैं. इनको पूरा कराया जाना आम आदमी की सुविधा के लिए बेहद ही जरूरी है."
इकरा हसन ने कहा, "सबसे पहले पानीपत, कैराना, मेरठ रेल मार्ग का सर्वे कई बार कराया जा चुका है. अभी तक इस रेल मार्ग पर कार्य शुरू नहीं हुआ है. हरियाणा और यूपी को जोड़ने वाला ये बेहद आवश्यक रेल मार्ग है. इस रेलवे लाइन के बनने से हरियाणा और यूपी के जुड़ जाने से इलाके को बहुत फायदा होगा."
वैष्णों देवी तक चलाई जाए ट्रेन- इकरा हसन
उन्होंने कहा, "शामली से प्रयागराज और शामली से वैष्णो देवी तक नई ट्रेन चलाने की मांग इलाके के लोग लंबे वक्त से कर रहे हैं. प्रयागराज में हाईकोर्ट का होना और वैष्णो देवी एक तीर्थस्थल होने की वजह से दोनों स्थानों की कनेक्टिविटी बहुत ही जरूरी है."
रामपुर फाटक को लेकर कही ये बड़ी बात
इकरा ने आगे कहा, "दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलमार्ग पर जधेड़ी फाटक और रामपुर फाटक के ऊपर रेलवे पुलों का निर्माण काफी लंबे वक्त से अधर में लटका है, जिससे इलाके की जनता बहुत परेशान है. इन दोनों रेलवे पुलों का निर्माण जल्दी से पूरा कराया जाना बेहद जरूरी है." उन्होंने लोकसभा स्पीकर के माध्यम से रेल मंत्री से कैराना संसदीय क्षेत्र की इन रेल मार्गों का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द निस्तारण करने की गुहार लगाई है.
बीजेपी सांसद को दी थी करारी शिकस्त
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्व सांसद मुनव्वर हसन की बेटी इकरा हसन ने बीजेपी के प्रदीप कुमार को करीब 70 हजार वोटों के अंतर से शिकस्त दी. वह पूर्व सांसद तबस्सुम हसन की बेटी हैं और कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन उनके बड़े भाई हैं.