)
Name Plate Controversy: यूपी और उत्तराखंड सरकार ने कांवड़ यात्रा के रास्ते पर सभी दुकानों पर नेमप्लेट लगाने का आदेश जारी किया था. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने आज यानी 22 जुलाई को रोक लगा दी है. कांवड़ यात्रा के रास्ते पर मौजूद सभी दुकानों और ढाबों पर मालिकों और कर्मचारियों के नाम लिखने का आदेश दिया गया था. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राजनीतिक दलों की तरफ से प्रतिक्रियाएं आई है. जदयू और कांग्रेस ने कांवड़ यात्रा नेम प्लेट विवाद पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया.
केसी त्यागी ने फैसले का किया स्वागत
जदयू नेता केसी. त्यागी ने कहा, "हम फैसले का स्वागत करते हैं. कोर्ट ने राज्य सरकार के फैसले पर रोक लगाई. इस आदेश से समाज में विभाजन पैदा होता, कोर्ट का फैसला सराहनीय है."
कांग्रेस नेता ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कोर्ट के आदेश का जिक्र कर बीजेपी शासित राज्य सरकारों पर हमला बोला. उन्होंने कहा, "आज सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों के गैर संवैधानिक आदेश पर रोक लगा दी है. ये आदेश अलपसंख्यक, आदिवासी और पिछड़ी जाति के खिलाफ था और इसके पीछे आरएसएस की सोच दिखाई दे रही थी."
उन्होंने पीएम मोदी से अपील करते हुए कहा, "हमारी गुजारिश है कि पीएम, बीजेपी शासित राज्यों के सीएम को राजधर्म की याद दिलाएं, हालांकि, पीएम मोदी अपनी पार्टी में ही कमजोर हो गए हैं और सीएम उनकी बात नहीं सुनते हैं, फिर भी वह उन्हें बताएं कि देश में नफरत पैदा नहीं करें."
सुप्रीम कोर्ट ने किया बेनकाब- इमरान प्रतापगढ़ी
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, "मैं सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने ये बता दिया कि हमारा देश संविधान से चलेगा. किसी सरकार के फरमान से नहीं, जो समाज और देश को बांटने की कोशिश करता हो, ये देश मोहब्बत से चलेगा. हमारे देश में हिंदू-मुसलमान मिलकर कांवड़ियों का स्वागत करते हैं. गंगा-जमुनी तहजीब को भाजपा सरकार ने बांटने की कोशिश की थी, उसे सुप्रीम कोर्ट ने बेनकाब किया है."
कांग्रेस नेता अजय राय ने क्या कहा?
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया. उन्होंने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने स्वागत योग्य फैसला दिया है. बीजेपी ने समाज को बांटने का काम किया है, कांग्रेस पार्टी, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का समर्थन करती है. बीजेपी के लोग गरीब आदमी की मदद नहीं करते हैं."
सपा ने बोला हमला
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्बास हैदर ने कांवड़ यात्रा नेम प्लेट विवाद को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं. उत्तर प्रदेश सरकार सांप्रदायिक एजेंडे के तहत ये आदेश लाई थी."