)
लखनऊ: लोगों को बेसब्री से कोरोना वायरस की वैक्सीन का इंतजार है, अब उनका ये इंतेज़ार जल्द ही खत्म होने वाला है. क्योंकि 16 जनवरी से देशभर में वैक्सीनेशन का आगाज़ होने जा रहा है. सीरम इंस्टिट्यूट (Serum Institute) से मंगलवार को वैक्सीन की पहली खेप देश के अलग-अलग कोनों में भेजी गई है. सफेद डिब्बों में पैक वैक्सीन के साथ एक खास पैगाम भी दिया गया है.
सीरम इंस्टिट्यूट की कोविशील्ड वैक्सीन को जिन सफेद डिब्बों में पैक किया गया है उस पर लिखा गया है- "सर्वे सन्तु निरामयाः". संस्कृत के इस वाक्य का मतलब होता है, सभी लोग निरोगी रहें. दरअसल, यह वाक्य तैत्तिरीय उपनिषद् के शांति पाठ श्लोक से लिया गया है. पूरा श्लोक इस तरह से है- ॐ सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुःख भाग्भवेत्. इसका हिंदी अर्थ है, सभी सुखी होएं, सभी रोगमुक्त रहें, सभी मंगलमय घटनाओं के साक्षी बनें और किसी को भी दुःख का भागी न बनना पड़े.
बता दें कि लखनऊ एयरपोर्ट पर 1 लाख 40 हजार वैक्सीन पहुंची. इसके बाद इन वैक्सीन को सख्त सिक्योरिटी के बीच राज्य में बने वेयर हाउस में भेज दिया गया है. वेयर हाउस से वैक्सीन को मंडल और जिलों में भेजा जाएगा. वज़ीरे सेहत जय प्रताप सिंह ने ट्रक को तिलक लगाकर और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
याद रहे कि 16 जनवरी को देश में अलग-अलग बूथों पर वैक्सीनेशन का अमल शुरू होगा. सबसे पहले फ्रंटलाइन मेडिकल वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी. इसके बाद मेडिकल वर्कर्स का नंबर आएगा. बता दें, वैक्सीनेशन के लिए कई बूथ बनाए गए हैं. इन बूथों पर एक दिन में 100 से 200 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी.
ZEE SALAAM LIVE TV