)
Tral Labour Attack: दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके में गुरुवार को आतंकवादियों ने उत्तर प्रदेश के एक मजदूर पर हमला कर दिया. मज़दूर को गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान बिजनौर के रहने वाले शुभम कुमार के तौर पर हुई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुभम के आतंकवादियों ने हाथ में गोली मारी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक गोली लगने के तुरंत बाद शुभम को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी कंडीशन स्टेबल बताई जा रही है. पिछले एक हफ्ते में कश्मीर में गैर-स्थानीय मजदूरों पर यह तीसरा हमला है. रविवार को गंदेरबल जिले में एक निर्माण स्थल पर हुए आतंकी हमले में छह गैर-स्थानीय मजदूरों और एक स्थानीय डॉक्टर की मौत हो गई थी.
गांदरबल में दो आतंकी खाना खा रहे मजदूरों के मेस में घुस गए और फायरिंग की. इस दौरान 7 लोगों की मौत हो गई और मरने वालों में एक डॉक्टर भी शामिल था. मृतक एपीसीओ इन्फ्राटेक में काम करते थे, जो श्रीनगर-सोनमर्ग राजमार्ग पर जेड-मोड़ सुरंग का निर्माण कर रही कंपनी है. 20 अक्टूबर को शाम लगभग 7.25 बजे, जब कुछ कर्मचारी भोजन कक्ष में बैठे थे और अन्य लोग भोजन के लिए जा रहे थे, तभी शिविर पर हमला हुआ.
इससे पहले 18 अक्टूबर को अशोक कुमार चवान नाम के एक मजदूर की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. अशोक जैनपुरा इलाके में काम करता था और वह बिहार का रहने वाला था. पुलिस ने जानकारी दी थी कि अशोक के शरीर पर चार गोलियों के निशान थे.
कैंप की जगह सुरंग तक पहुंचने वाले रास्ते के ठीक नीचे है, जिसकी एक ओर बंजर पहाड़ हैं और दूसरी ओर श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे है. यह हमला जम्मू-कश्मीर में नागरिकों पर 9 जून को रियासी में हुई घटना के बाद सबसे घातक हमला था, जब आतंकवादियों की गोलीबारी में बस घाटी में गिर गई थी, जिसमें 9 तीर्थयात्री मारे गए थे.