चक्रवात 'हुदहुद': PM मोदी ने लिया हालात का जायजा, आंध्र प्रदेश को 1 हजार करोड़ का राहत पैकेज
Advertisement

चक्रवात 'हुदहुद': PM मोदी ने लिया हालात का जायजा, आंध्र प्रदेश को 1 हजार करोड़ का राहत पैकेज

चक्रवाती तूफान 'हुदहुद' से प्रभावित आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने और स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को विशाखापत्तनम पहुंचे। गौर हो कि इस चक्रवाती तूफान में 24 लोगों की जान गई हैं और यह तटीय आंध्र प्रदेश में अपने पीछे भारी तबाही के निशान छोड़ गया है।

चक्रवात 'हुदहुद': PM मोदी ने लिया हालात का जायजा, आंध्र प्रदेश को 1 हजार करोड़ का राहत पैकेज

विशाखापत्तनम : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चक्रवात ‘हुदहुद’ से मची तबाही के तत्काल बाद राहत कार्य के लिए आंध्रप्रदेश को एक हजार करोड़ रुपए की अंतरिम सहायता देने की मंगलवार को घोषणा की।

मोदी ने आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, वरिष्ठ मंत्रीगण और शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘पूर्ण सर्वेक्षण करना अभी बाकी है। फिलहाल के लिए इस स्तर की दिक्कतों से निबटने के लिए मैं भारत सरकार की ओर से 1,000 करोड़ रुपए की अंतरिम सहायता की घोषणा करता हूं।’ मोदी ने चक्रवात में मारे गए लोगों के निकट संबंधियों के लिए दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 50 हजार रुपए की घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘केन्द्र दिक्कतों की इस घड़ी में आंध्र सरकार के साथ पूरी तरह खड़ा है।’

मोदी ने कहा, ‘वास्तविक नुकसान का आकलन यथासमय किया जाएगा। फिलहाल मैं अंतरिम राहत के तौर पर एक हजार करोड़ रुपए की घोषणा कर रहा हूं।’ उन्होंने कहा, ‘हाल के समय तक मैं विशाखापत्तनम को स्मार्ट शहर बनाने को लेकर बहुत खुश था और अब यह संकट आ गया ..हम इससे बहुत जल्दी ही उबर जाएंगे। सरकार अपनी पूरी ताकत से लोगों के साथ खड़ी है।’ उन्होंने कहा कि किसानों को व्यापक नुकसान हुआ है और एक विस्तृत सर्वेक्षण में उनके नुकसान का मूल्यांकन होगा और सरकार उसके अनुसार कार्य करेगी।

प्रधानमंत्री ने मौसम विभाग द्वारा किये गए सटीक पूर्वानुमान की प्रशंसा करते हुए कहा प्रौद्योगिकी के ‘आदर्श’ इस्तेमाल से केंद्र और राज्य सरकारों को चक्रवात से निपटने में मदद मिली क्योंकि चक्रवात की गति, दिशा सभी जानकारियों का पहले से सही सही पूर्वानुमान लगाया जा सका।

उन्होंने कहा, ‘एक तरह से प्रौद्योगिकी ने संकट से निपटने में एक महत्वपूर्ण साधन की भूमिका निभायी।’ मोदी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में केंद्र और राज्य सरकार दोनों ‘कंधे से कंधा मिलाकर’ काम करती दिखीं और इसने यह दिखाया कि दोनों एक ‘मुश्किल’ समस्या से सफलतापूर्वक निपट सकती हैं।

उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियों से नुकसान का जायजा लेने और दावों का जल्द निपटारा करने के लिए कहा जाएगा।

Trending news