Daily News Brief: झारखंड के धनबाद में दर्दनाक हादसा, अपार्टमेंट लगी भीषण आग, कई लोगों के मरने की आशंका
Advertisement

Daily News Brief: झारखंड के धनबाद में दर्दनाक हादसा, अपार्टमेंट लगी भीषण आग, कई लोगों के मरने की आशंका

Live Updates and Breaking News of 31st January 2023: देश और दुनिया की तमाम खबरों से जुड़े लेटेस्ट अपडेट के लिए हमारे लाइव ब्लॉग के साथ बने रहिए...

Daily News Brief: झारखंड के धनबाद में दर्दनाक हादसा, अपार्टमेंट लगी भीषण आग, कई लोगों के मरने की आशंका
LIVE Blog
31 January 2023
21:22 PM

झारखंडः अपार्टमेंट लगी भीषण आग, कई लोगों के मारे जाने की आशंका

झारखंड के धनबाद से बेहद डरा देने वाली खबर सामने आ रही है. धनबाद में स्थित एक अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई. आग में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. घटनास्थ्ल पर बचाव अभियान जारी है.

17:46 PM

पेशावर मस्जिद धमाके में अब तक 100 लोंगों की मौत

पाकिस्तान की पेशावर मस्जिद में सोमवार को नमाज के दौरान हुए आत्मघाती हमले में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 100 हो गई है. पुलिस ने यह जानकारी दी. तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, हमलावर दोपहर की नमाज के समय अग्रिम पंक्ति में था जब उसने विस्फोट कर खुद को उड़ा लिया. विस्फोट में मस्जिद के इमाम मौलाना साहिबजादा नूरुल अमीन की भी मौत हो गई. ‘रेडियो पाकिस्तान’ ने मंगलवार को एक खबर में कहा, ‘‘पेशावर विस्फोट में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है और अब भी मलबा हटाने का काम जारी है.’’ घायलों की संख्या बढ़कर 215 हो गई है.

15:36 PM

आसाराम को उम्रकैद

आसाराम की पूर्व शिष्या द्वारा उसके आश्रम में रहने के दौरान उसके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किए जाने के नौ साल से अधिक समय बाद, गांधीनगर की एक अदालत ने सोमवार को स्वयंभू संत को दोषी ठहराया और मंगलवार को उम्रकैद की सजा सुनाई. अभियोजन पक्ष ने कहा कि सत्र अदालत के न्यायाधीश डीके सोनी ने सबूत के अभाव में आसाराम की पत्नी लक्ष्मीबेन, उनकी बेटी और अपराध को बढ़ावा देने के आरोपी चार शिष्यों सहित छह अन्य आरोपियों को बरी कर दिया.

 

14:26 PM

अगले 48 घंटे में मौसम में होगा ये बड़ा बदलाव, IMD ने जारी किया अलर्ट

आईएमडी वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी. इसकी वजह से, उत्तर-पश्चिम भारत में 48 घंटों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी. अगले 5-6 दिनों तक शीतलहर की संभावना नहीं है.

13:42 PM

नेपाल से चले देवशिला पत्थर का मोतिहारी में भव्य स्वागत

नेपाल से अयोध्या के लिए चले देवशिला का मोतिहारी में जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ. मोतिहारी जिला में देवशिला शालिग्राम पत्थर के दर्शन के लिए भारी भीड़ सड़कों पर खड़ी रही. देवशिला पत्थर का मोतिहारी में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया है.

13:13 PM

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोले शशि थरूर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर बोले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी पर कुछ नहीं बोला. हमने यह किया वह किया सब वाहवाही का जिक्र है.

12:03 PM

27 शहरों में चल रहा मेट्रो का काम: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'बीते 8 सालों में देश में मेट्रो नेटवर्क में तीन गुना से अधिक बढ़ोतरी हुई है. आज 27 शहरों में ट्रेन पर काम चल रहा है. इसी प्रकार देशभर में 100 से ज्यादा नए वॉटरवे देश में ट्रासंपोर्ट सेक्टर का कायाकल्प करने में मदद करेंगे.'

11:56 AM

एविएशन सेक्टर में तेजी से बढ़ रहा देश: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'देश का एविएशन सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है. भारत दुनिया का तीसरा बड़ा एविएशन मार्केट बन चुका है. इसमें उड़ान योजना की बहुत बड़ी भूमिका है. भारतीय रेलवे अपने आधुनिक अवतार में सामने आ रही है और देश के रेलवे मैप में अनेक दुर्गम क्षेत्र भी जुड़ रहे हैं.'

11:52 AM

छह गुना हो गया रक्षा निर्यात: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'सरकार की नई पहल के परिणामस्वरूप हमारा रक्षा निर्यात छह गुना हो गया है. मुझे गर्व है कि हमारी सेना में आज INS विक्रांत के रूप में पहला स्वदेशी एयरक्राफ़्ट कैरियर भी शामिल हुआ है. मेड इन इंडिया अभियान और आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता का लाभ देश को मिलना शुरु हो चुका है.'

11:48 AM

पंच प्राणों के साथ देश बढ़ रहा आगे: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'आजादी के अमृतकाल में देश पंच प्राणों की प्रेरणा से आगे बढ़ रहा है. गुलामी के हर निशान, हर मानसिकता से मुक्ति दिलाने के लिए भी मेरी सरकार निरंतर प्रयासरत है. जो कभी राजपथ था, वह अब कर्तव्यपथ बन चुका है.'

11:44 AM

हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनवा रही सरकार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'आज एक तरफ देश में अयोध्या धाम का निर्माण हो रहा है, तो दूसरी तरफ आधुनिक संसद भवन भी बन रहा है. एक तरफ हमने केदारनाथ धाम, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल महालोक का निर्माण किया, तो वहीं हर ज़िले में हमारी सरकार मेडिकल कॉलेज भी बनवा रही है.'

11:40 AM

सरकार ने महिलाओं के लिए किए कई काम: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की सफलता आज हम देख रहे हैं. देश में पहली बार पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक हुई है और महिलाओं का स्वास्थ्य भी पहले के मुकाबले और बेहतर हुआ है. यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी कार्यक्षेत्र में महिलाओं के लिए कोई बंदिश न हो.'

11:37 AM

नॉर्थ ईस्ट और हमारे सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए सरकार ने उठाए कई कदम: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'नॉर्थ ईस्ट और हमारे सीमावर्ती क्षेत्र, विकास की एक नई गति का अनुभव कर रहे हैं. नार्थ ईस्ट और जम्मू कश्मीर में तो दुर्गम परिस्थितियों के साथ-साथ अशांति और आतंकवाद भी विकास के सामने बहुत बड़ी चुनौती थी. सरकार ने स्थाई शांति के लिए अनेक सफल कदम उठाए हैं.'

11:34 AM

देश के 11 करोड़ छोटे किसान सरकार की प्राथमिकता: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'मेरी सरकार की प्राथमिकता में देश के 11 करोड़ छोटे किसान हैं. ये छोटे किसान, दशकों से, सरकार की प्राथमिकता से वंचित रहे थे. अब इन्हें सशक्त और समृद्ध करने के लिए हर तरह की कोशिश की जा रही है.'

11:31 AM

गरीब-हितैषी है ये सरकार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'सरकार ने PM गरीब कल्याण अन्न योजना को नई परिस्थितियों के अनुसार आगे चलाने का निर्णय लिया है. यह संवेदनशील और गरीब-हितैषी सरकार की पहचान है. सरकार ने सदियों से वंचित रहे गरीब, दलित, पिछड़े,आदिवासी समाज की इच्छाओं को पूरा कर उन्हें सपने देखने का साहस दिया है.'

11:28 AM

सरकार ने गरीबों को और गरीब होने से बचाया: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'आयुष्मान भारत योजना ने देश के करोड़ों गरीबों को और गरीब होने से बचाया है, उनके 80 हजार करोड़ रुपए खर्च होने से बचाए हैं. 7 दशकों में देश में करीब सवा तीन करोड़ घरों तक पानी का कनेक्शन पहुंचा था. जल जीवन मिशन के तहत 3 साल में करीब 11 करोड़ परिवार पाइप के जल से जुड़े हैं.'

11:26 AM

बिना भेदभाव सभी वर्गों के लिए सरकार ने किए काम: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'मौजूदा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लिए काम किया है. बीते कुछ वर्षों में मेरी सरकार के प्रयासों का नतीजा है कि अनेक मूल सुविधाएं आज या तो शत-प्रतिशत आबादी तक पहुंच चुकी हैं या फिर उस लक्ष्य के बहुत निकट हैं.'

11:24 AM

जल जीवन मिशन से जुड़े 11 करोड़ परिवार: राष्ट्रपति

संसद में अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'जल जीवन मिशन के तहत तीन वर्षों में करीब 11 करोड़ परिवार Piped Water Supply से जुड़ चुके हैं. इसका सबसे ज्यादा लाभ गरीब परिवारों को ही हो रहा है.'

11:22 AM

देश के लिए सरकार ने तैयार की पारदर्शी व्यवस्था: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'जनधन-आधार-मोबाइल से फर्जी लाभार्थियों को हटाने से लेकर वन नेशन वन राशन कार्ड तक, एक बहुत बड़ा स्थाई सुधार हमने किया है. बीते वर्षों में डीबीटी के रूप में, डिजिटल इंडिया के रूप में, एक स्थाई और पारदर्शी व्यवस्था देश ने तैयार की है.'

11:19 AM

मेरी सरकार की पहचान एक निर्णायक सरकार की रही: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर आतंकवाद पर कठोर प्रहार तक, LoC से लेकर LAC तक हर दुस्साहस के कड़े जवाब तक, धारा 370 को हटाने से लेकर तीन तलाक तक, मेरी सरकार की पहचान एक निर्णायक सरकार की रही है.'

11:15 AM

TR भरने के कुछ ही दिनों के भीतर मिल जाता है रिफंड: द्रौपदी मुर्मू

संसद में अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'पहले टैक्स रिफंड के लिए लंबा इंतज़ार करना पड़ता था. आज ITR भरने के कुछ ही दिनों के भीतर रिफंड मिल जाता है. आज GST से पारदर्शिता के साथ-साथ करदाताओं की गरिमा भी सुनिश्चित हो रही है.'

11:12 AM

दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बना भारत: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

संसद में अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'जो भारत कभी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूसरों पर निर्भर था, वही आज दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बना है. जिन सुविधाओं के लिए देश की एक बड़ी आबादी ने दशकों तक इंतजार किया, वे इन वर्षों में उसे मिली है.'

11:09 AM

लगातार 2 बार स्थिर सरकार चुनने पर देशवाशियों का आभार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'मैं आज इस सत्र के माध्यम से, देशवासियों का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने लगातार दो बार, एक स्थिर सरकार को चुना है. मेरी सरकार ने देशहित को सदैव सर्वोपरि रखा, नीति-रणनीति में संपूर्ण परिवर्तन की इच्छाशक्ति दिखाई.'

11:07 AM

आत्मनिर्भर भारत बनाने का लक्ष्य: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'हमारे लिए युग निर्माण का अवसर है. हमें ऐसा भारत बनाना है जो आत्मनिर्भर है और जो अपने मानवीय दायित्व को पूरा करने में समर्थ हो, जिसमें गरीबी न हो, जिसका मध्यम वर्ग भी वैभव से युक्त हो. जिसकी युवाशक्ति, नारी शक्ति समाज और राष्ट्र को दिशा देने के लिए खड़ी हो.'

11:06 AM

लोगों ने सकारात्मक परिवर्तन पहली बार देखे: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

संसद में अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, 'सरकार के लगभग नौ वर्षों में भारत के लोगों ने अनेक सकारात्मक परिवर्तन पहली बार देखे हैं. सबसे बड़ा परिवर्तन यह हुआ है कि आज हर भारतीय का आत्मविश्वास शीर्ष पर है और दुनिया का भारत को देखने का नज़रिया बदला है.'

11:04 AM

संसद के दोनों सदनों को संबोधित कर रही हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

10:59 AM

संसद भवन पहुंचीं राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद भवन पहुंच गई हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया.

10:49 AM

संसद भवन ेक लिए निकलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों को संबोधित करने के लिए राष्ट्रपति भवन से निकल चुकी है.

10:37 AM

आशा की किरण लेकर आ रहा है Budget: PM मोदी

बजट सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन पहुंच गए हैं. संसद पहुंचने के बाद उन्होंने कहा, 'संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति का पहला अभिभाषण हमारे संविधान और विशेषकर महिलाओं के सम्मान के लिए गर्व का विषय है. पूरी दुनिया की नजर भारत पर है.' उन्होंने आगे कहा, 'बजट नई आशा की किरण और उत्साह लेकर आ रहा है.'

09:52 AM

डॉक्यूमेंट्री विवाद पर रूस का भारत को समर्थन

डॉक्यूमेंट्री विवाद पर रूस ने भारत का समर्थन किया है और ब्रिटिश मीडिया पर इंफॉर्मेशन वॉर छेड़ने का आरोप लगाया है.

08:41 AM

राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेगी आम आदमी पार्टी

बजट सत्र से पहले सियासत तेज हो गई है और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेगी. बता दें कि आज से संसद का बजट सत्र शुरू हो रहा है और इसकी शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी. इसके बाद केंद्र सरकार करीब दोपहर 1 बजे अपना आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश करेगी. संसद का यह सत्र भी हंगामेदार रह सकता है. सरकार की प्राथमिकता राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वित्त बिल समेत अन्य बिलों को पारित कराने की रहेगी तो विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगा.

07:59 AM

राहुल गांधी पर बीजेपी का पलटवार

राहुल गांधी पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है और कहा है कि हमारी नीतियों की वजह से वे कश्मीर में बेखौफ घूम रहे हैं. इसके साथ ही बीजेपी ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को नाकाम बताया है.े

07:46 AM

राष्ट्रपति के संबोधन के बाद पेश होगा इकोनॉमिक सर्वे

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी. इसके बाद सदन में इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाएगा. बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इकोनॉमिक सर्वे को पेश करेंगी.

07:32 AM

अमेरिका के फ्लोरिडा में गोलीबारी, कम से कम 10 लोग घायल

अमेरिका के फ्लोरिडा में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें कम से कम 10 लोग घायल हो गए हैं. पुलिस ने बताया कि फ्लोरिडा के लेकलैंड में शूटिंग में कम से कम 10 लोग घायल हो गए है और दो की हालत गंभीर है.

07:16 AM

संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू

सत्र की शुरुआत लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र से होगी। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू दोनों सदनों को संबोधित करेंगी. यह उनका संसद के दोनों सदनों को पहला संबोधन होगा.

07:02 AM

वित्त मंत्री पेश करेंगी आर्थिक सर्वेक्षण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी. इसके बाद वित्त मंत्री 1 फरवरी को साल 2023-24 का बजट पेश करेंगी.

06:51 AM

बजट सत्र के दौरान सरकार की नजर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वित्त वर्ष 2023-24 के आम बजट आदि पर सुचारू रूप से चर्चा कराने पर रहेगी, वहीं विपक्षी दलों ने अदाणी समूह से जुड़ा विषय, कुछ राज्यों में राज्यपालों के कामकाज, जाति आधारित गणना, महंगाई, बेरोजगरी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने के स्पष्ट संकेत दिए हैं.

06:40 AM

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से शुरू होगा बजट सत्र

संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है, जिस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपना पहला अभिभाषण देंगी. इसी के साथ संसद के बजट सत्र की शुरुआत होगी.

06:30 AM

आज से शुरु होगा संसद का बजट सत्र

संसद का बजट सत्र आज (31 जनवरी) से शुरू हो रहा है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को बजट पेश करेंगी.

Trending news