दार्जिलिंग जिले में बचाव अभियान जारी, फिर हुआ भूस्खलन
Advertisement

दार्जिलिंग जिले में बचाव अभियान जारी, फिर हुआ भूस्खलन

दार्जिलिंग जिले के तीन उपसंभागों में बचाव अभियान जारी हैं जहां भूस्खलन की घटनाओं में 38 लोगों की जान चली गई, राजमार्ग बह गए और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। पश्चिम बंगाल आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दार्जिलिंग से करीब 56 किमी दूर गयाबारी में फिर से भूस्खलन होने की खबर है जिससे दार्जिलिंग और मिरिक के बीच सड़क संपर्क कट गया जहां कल आई इस प्राकृतिक आपदा में 21 लोगों की जान गई थी।

दार्जिलिंग: दार्जिलिंग जिले के तीन उपसंभागों में बचाव अभियान जारी हैं जहां भूस्खलन की घटनाओं में 38 लोगों की जान चली गई, राजमार्ग बह गए और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। पश्चिम बंगाल आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दार्जिलिंग से करीब 56 किमी दूर गयाबारी में फिर से भूस्खलन होने की खबर है जिससे दार्जिलिंग और मिरिक के बीच सड़क संपर्क कट गया जहां कल आई इस प्राकृतिक आपदा में 21 लोगों की जान गई थी।

पहाड़ियों पर आज बारिश नहीं हुई तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, नागरिक सुरक्षा कर्मी और स्थानीय स्वयंसेवकों ने प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य शुरू किया। सशस्त्र सीमा बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के बचाव दल भी कार्य में लगाए गए हैं। दार्जिलिंग, कलिमपोंग और कुर्सेओंग उप संभागों में भूस्खलन की घटनाओं की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 55 को गहरा नुकसान हुआ तथा क्षेत्र में महत्वपूर्ण सड़क संपर्क कट गए हैं।

रास्तों की सफाई के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि पर्यटक मैदानी इलाकों में लौट सकें। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल मुर्शिदाबाद से सिलिगुड़ी पहुंचीं। उन्होंने बीती रात संवाददाताओं से कहा कि राज्य का आपदा प्रबंधन समूह अच्छा काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह प्राकृतिक आपदा प्रभावित स्थल के दौरे पर जाने का निर्णय तब ही करेंगी जब उनके जाने से वहां चल रहा बचाव अभियान बाधित न हो। उन्होंने भूस्खलन की घटनाओं में मारे गए लोगों के परिवार वालों को चार . चार लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवार वालों को दो-दो लाख रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू को मौके पर भेजा। रिजिजू की अगुवाई वाले एक केंद्रीय दल ने कुर्सेओंग में कल भूस्खलन प्रभावित इलाकों का दौरा किया और बचाव तथा राहत अभियानों का जायजा लिया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री कुर्सेओंग उप संभाग के अंतर्गत तिंगलिंग में राहत शिविरों में गए जहां भूस्खलन के कारण बेघर हुए सैकड़ों लोग रह रहे हैं। उन्होंने अस्पतालों में इलाज करा रहे घायलों की खरियत भी पूछी।

Trending news