Advertisement
trendingNow1530459

दिल्ली में भाजपा की आंधी में उड़ गई कांग्रेस-AAP, पूर्व सीएम शीला दीक्षित समेत दिग्‍गज कांग्रेस नेता बुरी तरह हारे

Delhi Lok Sabha Elections Results 2019: पश्चिम दिल्ली सीट से भाजपा के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने रिकॉर्ड 5.78 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. इस प्रकार, उन्होंने दिल्ली में सबसे बड़ी जीत का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा. 

Delhi Lok Sabha Elections Results 2019: शीला दीक्षित को करीब तीन लाख 66 हजार वोटों के अंतर से परास्त मिली. (फाइल फोटो)
Delhi Lok Sabha Elections Results 2019: शीला दीक्षित को करीब तीन लाख 66 हजार वोटों के अंतर से परास्त मिली. (फाइल फोटो)

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव 2019 में मोदी लहर पर सवार भाजपा ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली की सातों सीटों पर विशाल जीत दर्ज की. भाजपा के सभी उम्मीदवारों से 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करते हुए विशाल अंतर से अपनी जीत का परचम लहराया. पश्चिम दिल्ली सीट से भाजपा के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने रिकॉर्ड 5.78 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. इस प्रकार, उन्होंने दिल्ली में सबसे बड़ी जीत का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा. 

आप के तीन उम्मीदवार चांदनी चौक से पंकज कुमार गुप्ता, नई दिल्ली से बृजेश गुप्ता और उत्तर पूर्व दिल्ली से दिलीप पांडेय अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए. 

हालांकि आप को तीसरे स्थान पर धकेलते हुए कांग्रेस ने पिछले पांच साल में पहली बार थोड़ा अच्छा प्रदर्शन किया. त्रिकोणीय मुकाबले में राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा का प्रदर्शन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से बहुत बेहतर रहा. 

Add Zee News as a Preferred Source

fallback
Source : results.eci.gov.in

दिल्ली में कांग्रेस (22.5 प्रतिशत) और आप (18.1 प्रतिशत) के सम्मिलित वोट की तुलना में भाजपा ने 56 प्रतिशत से ज्यादा मत हासिल किए. भाजपा ने 2014 में 46.4 प्रतिशत वोट हासिल किए थे. 

सुबह सात बजे मतगणना शुरू होते ही भाजपा ने सभी सातों सीटों पर बढ़त बना ली थी. भाजपा के कई उम्मीदवार प्रतिद्वंद्वियों से काफी अंतर से आगे चल रहे थे. भाजपा के समर्थकों ने दोपहर से ही जश्न मनाना शुरू कर दिया था. 

पश्चिमी दिल्ली सीट पर वर्तमान सांसद प्रवेश वर्मा ने कुल आठ लाख 65 हजार 486 मत प्राप्त किये और उन्होंने कांग्रेस के महाबल मिश्रा को विशाल अंतर से हराया. उन्होंने 2014 में आप के जरनैल सिंह को दो लाख 68 हजार 586 वोटों से हराया था.

उत्तर पूर्व दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपनी निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस की शीला दीक्षित को करीब तीन लाख 66 हजार वोटों के अंतर से परास्त किया.

पूर्वी दिल्ली सीट पर भाजपा के गौतम गंभीर ने कांग्रेस के निकटतम प्रतिद्वंद्वी अरविंदर सिंह लवली को करीब तीन लाख 91 हजार वोटों के अंतर से मात दी. उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट पर भाजपा के उम्मीदवार हंस राज हंस ने आप के गुग्गन सिंह को साढे पांच लाख से भी अधिक अंतर से मात दी.

चांदनी चौक और नई दिल्ली सीटों पर भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया और उनके उम्मीदवार क्रमश: हर्षवर्धन 2,28 हजार,145 वोटों के अंतर से कांग्रेस के जेपी अग्रवाल तथा भाजपा की मीनाक्षी लेखी ने कांग्रेस के अजय माकन को 2,56,504 मतों के अंतर से जीत हासिल की.

दक्षिणी दिल्ली सीट पर भाजपा के वर्तमान सांसद रमेश बिधूड़ी ने आप के राघव चड्ढा को करीब तीन लाख 67 हजार वोटों के अंतर से हराया. कांग्रेस के उम्मीदवार विजेंदर सिंह तीसरे स्थान पर रहे और उनकी जमानत जब्त हो गई.

About the Author

TAGS

Trending news