केजरीवाल का विकास के गुजरात माडल पर हमला
Advertisement

केजरीवाल का विकास के गुजरात माडल पर हमला

आप नेता अरविंद केजरीवाल ने आज भाजपा के प्रधानमंत्री प्रत्याशी नरेन्द्र मोदी के विकास के गुजरात माडल पर हमला बोलते हुए दावा किया कि इसे बढ़ा चढ़ा कर पेश किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने भाजपा शासित प्रदेश में ढहते हुए आधारभूत ढांचे और खराब स्वास्थ्य सेवाओं को देखा है।

fallback

नई दिल्ली : आप नेता अरविंद केजरीवाल ने आज भाजपा के प्रधानमंत्री प्रत्याशी नरेन्द्र मोदी के विकास के गुजरात माडल पर हमला बोलते हुए दावा किया कि इसे बढ़ा चढ़ा कर पेश किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने भाजपा शासित प्रदेश में ढहते हुए आधारभूत ढांचे और खराब स्वास्थ्य सेवाओं को देखा है।
एक मीडिया समूह के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने मुकेश अंबानी एवं अदानी समूह पर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि वे देश चला रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि आज देश को कौन नियंत्रित कर रहा है। क्या मनमोहन सिंह या सोनिया गांधी देश चला रहे हैं। मुझे ऐसा नहीं लगता। यह देश मुकेश अंबानी जैसे कुछ लोग चला रहे हैं। यदि कल सरकार बदली और मोदीजी प्रधानमंत्री बन गए तो क्या मोदीजी देश पर शासन करेंगे। मुझे ऐसा नहीं लगता। यही अंबानी एवं अडानी ही देश चलाएंगे।
उन्होंने कहा कि अब यह सोचने का समय आ गया है कि क्या हम पार्टी बदलना चाहते हैं या व्यवस्था। हमें ईमानदारी का शासन कायम करने के लिए कांग्रेस एवं भाजपा की राजनीति को खत्म करना होगा। गुजरात के विकास पर केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी यात्रा के दौरान उन्होंने पाया कि चहुंमुखी विकास की बात यथार्थ पर आधारित नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि राजमार्ग ही केवल सड़कें हैं। गांवों में कोई सड़क नहीं है। मेरे पास मोदीजी के स्वयं के चुनाव क्षेत्र की तस्वीरें जिसमें खराब सड़कों को दिखाया गया है। इस जगह से वह पिछले 15 साल से चुनाव लड़ रहे हैं। मैं वहां के स्कूल गया था। चारों ओर गंदगी फैली हुई थी। (एजेंसी)

Trending news