महासमुंद में बस पेड़ से टकराई, 12 लोगों की मौत
Advertisement

महासमुंद में बस पेड़ से टकराई, 12 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सोमवार को कोलकाता-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर झलप और पटेवा के बीच एक यात्री बस पेड़ से टकरा कर पलट गई, इस दुर्घटना में 12 यात्रियों की मौत हो गई है, वहीं 22 से ज्यादा यात्री गम्भीर रूप से घायल हो गए।

रायपुर/महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सोमवार को कोलकाता-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर झलप और पटेवा के बीच एक यात्री बस पेड़ से टकरा कर पलट गई, इस दुर्घटना में 12 यात्रियों की मौत हो गई है, वहीं 22 से ज्यादा यात्री गम्भीर रूप से घायल हो गए।
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने इस सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है। डा. सिंह ने जिला प्रशासन को घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज करवाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर आर. संगीता सहित पुलिस अधीक्षक दीपक झा भी रहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिला अंतर्गत पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम र्दीपड़ाव के निकट सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार यात्री बस के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने से बस में सवार 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं आठ अन्य बुरी तरह से जख्मी लोगों ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। हादसे में बस में सवार 22 यात्रियों को भी चोटें आई हैं। महासमुंद के पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने 10 लोगों के मारे जाने के पुष्टि की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे हुआ। यह यात्री बस पिथौरा से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए निकली थी। बस अपने रफ्तार में थी, इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, और एक गड्ढे में जाकर पलट गई। बस की रफ्तार अधिक होने के कारण बस पलट गई।
हादसे के बाद यहां अफरातफरी का माहौल हो गया। आसपास के लोगों ने बस के यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही पटेवा थाना पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। घायल यात्रियों को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद रवाना किया गया। वहीं अन्य घायल यात्रियों को आसपास उपचार के लिए रवाना किया गया। फिलहाल बस से यात्रियों के शवों को बाहर नहीं निकाला जा सका था। (एजेंसी)

Trending news