प्लास्टिक से बने तिरंगा के कारण पर्यावरण को होने वाले नुकसान और उसे लेकर स्वदेशी सोशल नेटवर्किंग ऐप ’कू’ पर चलाई जा रही जागरूकता अभियान में शुक्रवार को देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, खिलाड़ियों और सेलिब्रिटीज ने हिस्सा लिया और लोगों से प्लास्टिक का तिरंगा न फहराने की अपील की.
Trending Photos
नई दिल्लीः प्लास्टिक तिरंगा बंद करने के लिए देश भर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. प्लास्टिक तिरंगे को लेकर ’कू’ एप पर चल रही मुहिम को देश भर से जोरदार हिमायत मिल रही है. इस मुहिम को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी समर्थन मिला है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने इस मुहिम में हिस्सा लेते हुए अपने ऑफिशियल कू अकाउंट से अपील की, “75वें स्वतंत्रता दिवस पर मैं प्रदेश के सभी भाई-बहनों व युवाओं से अनुरोध करता हूं कि आप कागज या कपड़े से बने तिरंगे को गर्व और शान से फहरायें. आइये, आज हम सब स्वतंत्रता दिवस के इस पाक मौके पर स्वच्छ और गौरवशाली भारतवर्ष बनाने की शपथ लें. वहीं इस मुहिम को समर्थन देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने ऑफिशियल कू अकाउंट से स्वयं भी प्लास्टिक तिरंगे का प्रयोग ना करने की शपथ ली और अपने समर्थकों और आम जनता से अपील की कि वो कभी भी प्लास्टिक के तिरंगे का इस्तेमाल ना करें. योगी और शिवराज के अलावा कई अन्य मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, बड़े नेता, खिलाड़ी और सेलेब्रिटीज ने भी कू ऐप पर प्लास्टिक का तिरंगा प्रयोग ना करने की शपथ ली, जनता से भी कपड़े और कागज के तिरंगे इस्तेमाल करने की अपील की।
कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री मुहिम में शामिल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के कार्यालय, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने भी इस मुहिम से जुड़ कर शपथ ली और लोगों से प्लास्टिक तिरंगा का इस्तेमाल ना करने की अपील की. केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी इस मुहिम में हिस्सा लिया और प्लास्टिक तिरंगा ना इस्तेमाल करने की शपथ ली.
सेलिब्रिटीज और खिलाड़ी भी मुहिम से जुड़े
ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने और भारत को इस बार टोक्यो ओलंपिक्स में रजत पदक दिलाने वाले रवि कुमार दहिया ने भी कू पर शपथ लेते हुए लिखा कि बिना प्लास्टिक के इस्तेमाल नहीं कर के हम दुनिया को और भी खूबसूरत बना सकते हैं है. भारत को 2008 में ओलिंपिक में पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले अभिनव बिंद्रा, टोक्यो ओलंपिक्स में फ्रीस्टाइल रेसलिंग में कांस्य पदक जीतने वाले दीपक पुनिया ने भी प्लास्टिक का तिरंगा न खरीदने की अपील कर रहे हैं.
प्लास्टिक के तिरंगे में क्या है खराबी ?
हर साल गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर कई समारोह के दौरान लोग प्लास्टिक के तिरंगे का इस्तेमाल करते हैं, लोग अपने बच्चों को भी प्लास्टिक के तिरंगे दे देते हैं. समारोह के बाद इन तिरंगों पर किसी का ध्यान नहीं जाता है और जाने अनजाने में लोग तिरंगे का अपमान कर बैठते हैं. प्लास्टिक के तिरंगे का विघटन भी मुश्किल होता है जो हमारे पर्यावरण के लिए काफी हानिकारक है.
गृह मंत्रालय ने भी दिए निर्देश
गृह मंत्रालय ने भी सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक पत्र में कहा है कि प्लास्टिक से बने तिरंगों को ठीक से डिस्पोज करना एक समस्या है. राष्ट्रीय ध्वज को लेकर केंद्र सरकार ने कहा है कि प्लास्टिक के तिरंगे प्रयोग ना किए जाएं. गृह मंत्रालय की ओर से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि ऐसे आयोजनों पर केवल कागज के बने तिरंगे का उपयोग होना चाहिए.
Zee Salaam Live Tv