)
गाजियाबाद: मुरादनगर के श्मशान घाट में हुए उस खौफनाक हादसे में आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी के तार मुरादनगर नगर पालिका चेयरमैन विकास तेवतिया से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं. जराए के मुताबिक अजय त्यागी की गिरफ्तारी में सबसे अहम किरदार विकास तेवतिया ने अदा किया है. फरार होने के दौरान अजय त्यागी ने तीन बार अलग-अलग नंबरों से तेवतिया से करीब आधे-आधे घंटे तक बात की थी.
जानकारी के मुताबिक त्यागी ने गाजियाबाद में तेवतिया से मुलाकात भी की थी. इसके साथ ही ईओ, जेई और सुपरवाइजर के खिलाफ क्या बयान देना है, इसके लिए भी बदलकर तेवतिया ने ही एक बड़े वकील से अजय त्यागी की बात करवाई थी.
अंदरखाने ऐसी भी खबरें हैं कि अजय त्यागी की गिरफ्तारी मुरादनगर नगरपालिका के चेयरमैन विकास तेवतिया ने पुलिस से साठ-गांठ कर कराई थी. तोवतिया और अजय त्यागी की अलग-अलग नंबरों से बात होने के बाद किसी तीसरे व्यक्ति के ऑफिस पर मिलने का प्लान हुआ था. वहीं पर यह भी प्लान हुआ कि तीनों के ईओ, जेई और सुपरवाइजर के खिलाफ कैसे और क्या बयान देना है. साथ ही, वकील को भी वहां बुलाया गया था. हांलाकि इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि उनके पास कोई फोन नहीं आया है और मामले की जांच निष्पक्षता से हो रही है.
हादसे के हो सकते हैं कारण
आसपास के लोगों के मुताबिक वो कई बार आकर कर्मचारियों को नसीहत देते थे कि कम से कम श्मशान में तो सही निर्माण सामग्री लगा दो, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी. लोग बताते हैं कि निर्माण सामग्री में रेत की मात्रा ज्यादा होती थी, रोड़ी बहुत कम होती थी और घटिया क्वालिटी का सीमेंट इस्तेमाल किया जाता था. छत बनाने में न सिर्फ घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, बल्कि बीम डालने में भी कटौती की गई. 70 फुट लंबी छत में एक भी क्रॉस बीम न डाले जाने को भी हादसे का कारण बताया जा रहा है. श्मशान घाट के गलियारे की छत गिरने की बड़ी वजह पिलर का धंस जाना भी हो सकता है जो लेंटर के दोनों ओर बनाए गए थे. अब जांच के बाद सारे खेल का पर्दाफाश हो जाएगा.
क्या है मामला?
मुरादनगर में रहने वाले फल विक्रेता जयराम की रविवार सुबह मौत हो गई थी. जयराम के परिजन और उनके जानकार मुरादनगर के श्मशान घाट में उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे. अंतिम संस्कार के बाद जब बारिश होने लगी तो लोग बारिश से बचने के लिए लेंटर के नीचे खड़े हो गए. उसी दौरान ये लेंटर भरभरा कर गिर गया जिसके नीचे दबने से 24 लोगों की जान चली गई. 16 घायल अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.
ZEE SALAAM LIVE TV