
Rajasthan Weather Update: शीत लहर की चपेट में इन दिनों राजस्थान भी आ गया है. वहीं, बुधवार को दिल्ली में भी इसका आगमन हुआ क्योंकि कश्मीर के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई. मौसम विभाग के अनुसार, ठंडी हवाओं ने दिल्ली के साथ राजस्थान में तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं.
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले हफ्ते में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है. साथ ही कई इलाकों में तेज शीतलहर चलने वाली है. पूरा राज्य सर्द हवाओं की चपेट में आ गया है, जिसमें माउंट आबू, सिरोही, हनुमानगढ़ और शेखावाटी इलाकों के साथ रेगिस्तानी जिले भी शामिल हैं. ठंडी हवाओं को लेकर राजस्थान के 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, सर्द हवाओं को लेकर कोटा, सिरोही, बीकानेर, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर, श्री गंगानगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भीलवाड़ा में 22.1 में डिग्री, अजमेर में 23.4 डिग्री, जयपुर में 24.5 डिग्री, कोटा में 23.1 डिग्री, बाड़मेर में 26.1 डिग्री, जैसलमेर में 24.3 डिग्री, श्री गंगानगर में 23.3 डिग्री, जोधपुर में 24.5 डिग्री, माउंट आबू में 15.8 डिग्री, सीकर में 22.5 डिग्री, बीकानेर में 24.0 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 25.4 डिग्री, चूरू में 23.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा.
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 48 घंटों में उत्तरी हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक लुढ़क सकता है. इसके अलावा आने वाले 4 से 5 दिनों में प्रदेश में कुछ स्थानों पर शीत लहर चलने की सम्भावना है. मौसम विभाग का कहना है कि इस बार राजस्थान में सर्दी के रिकॉर्ड टूटने वाले हैं.