ओडिशा ने 103 खानों पर जुर्माना लगाया
Advertisement

ओडिशा ने 103 खानों पर जुर्माना लगाया

ओड़िशा सरकार ने कहा कि उसने लौह अयस्क के अत्यधिक खनन करने के लिए 103 खानों पर 67 हजार 900 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है।

भुवनेश्वर/नयी दिल्ली: ओड़िशा सरकार ने कहा कि उसने लौह अयस्क के अत्यधिक खनन करने के लिए 103 खानों पर 67 हजार 900 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है।
हालांकि सरकार ने किसी भी तरह के खनन घोटाले से इनकार किया और भारतीय खान ब्यूरो पर इन अनियमितताओं का पता लगाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
राज्य के इस्पात एवं खनन मंत्री आर के सिंह ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 61 खानों को पहले ही 47,805 करोड़ रुपए का जुर्माना देने को कहा गया था और दो दिनों पहले 42 खानों पर 20,095 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया।
उधर राजधानी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री एवं ओड़िशा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकांत जेना ने खनिजों की बड़ी लूट में ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की प्रत्यक्ष संलिप्तता का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
उन्होंने कहा कि कंपनियों पर 58 हजार करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है और मुख्यमंत्री खनन कंपनियों के साथ मिले हुए हैं। जेना ने दावा किया कि खनन घोटाला बहुत बड़ा है और यह चार लाख करोड़ रुपए तक का हो सकता है। (एजेंसी)

Trending news