केजरीवाल की गिरफ्तारी पर घमासान: दिल्‍ली, लखनऊ में भिड़े आप और बीजेपी कार्यकर्ता; कई घायल
Advertisement

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर घमासान: दिल्‍ली, लखनऊ में भिड़े आप और बीजेपी कार्यकर्ता; कई घायल

गुजरात में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में नई दिल्‍ली में बीजेपी मुख्यालय के समक्ष आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच घमासान हुआ।

fallback

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो
नई दिल्‍ली/लखनऊ/गुजरात : गुजरात में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में नई दिल्‍ली में बीजेपी मुख्यालय के समक्ष आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच घमासान हुआ जबकि ‘आप’ ने नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि मोदी केजरीवाल से डरे हुए हैं।
गुजरात के राधनपुर शहर में केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में यहां भाजपा मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने पहुंचे ‘आप’ कार्यकर्ता मुख्यालय में घुस गए। केजरीवाल प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के गुजरात में विकास कराने के दावों का ‘निरीक्षण’ करने गुजरात गए हुए हैं। आप कार्यकर्ताओं ने मोदी के खिलाफ नारे लगाए कि वह केजरीवाल के दौरे से ‘डरे’ हैं और वह दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ पुलिस का उपयोग कर रहे हैं। जल्द ही आप कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता एक दूसरे से भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। आम आदमी पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बीजेपी और आप कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई और बीजेपी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन में कुर्सियों और पत्‍थर भी फेंके गए। आप नेता आशुतोष और शाजिया इल्‍मी प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे थे। प्रदर्शन उग्र होते देख आप कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पानी की बौछारें भी की गई। आप कार्यकर्ता इतने गुस्‍से में थे कि वे बीजेपी मुख्‍यालय के बाहर तैनात पुलिस के वाहनों पर भी चढ़ गए।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे।
वहीं, बीजेपी के नेता नलिन कोहली ने कहा कि आप नेता आशुतोष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कहा कि उन्‍हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। बीजेपी ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी ने कानून हाथ में लिया। ये केजरीवाल की नाकामी को ढकने की कोशिश है। दोनों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू करने के आरोप लगाए। वहां पहुंची पुलिस ने पानी के फुहारें छोड़ कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की।
उधर, लखनऊ में आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल की गुजरात में गिरफ्तारी के विरोध में आज लखनऊ में ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में कई लोगों को चोट आईं। ‘आप’ की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य वैभव माहेश्वरी ने बताया कि गुजरात में केजरीवाल की कार पर हमला और फिर उनकी गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा राज्य मुख्यालय के बाहर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा दफ्तर से बड़ी संख्या में लाठी-डंडों से लैस ‘गुंडों’ ने आप कारकुनों पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान ‘आप’ के एक कार्यकर्ता मोहित को काफी चोटें आई हैं। इसके अलावा चार-पांच अन्य कार्यकर्ता भी चोटिल हुए हैं। इस बीच, भाजपा के प्रान्तीय प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने बताया कि ‘आप’ के कुछ कार्यकर्ता पार्टी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने के लिये एकत्र हुए थे। उनके हाथों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर थे। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यालय के बाहर पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं और ‘आप’ कारकुनों के बीच कहासुनी हुई। इस पर आप कार्यकर्ताओं ने लाठियां चलायी और पथराव किया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव का मामला शांत कर दिया।

Trending news