रेखा : नहीं बन सकीं, जो बनना चाहती थी
Advertisement

रेखा : नहीं बन सकीं, जो बनना चाहती थी

रेखा : नहीं बन सकीं, जो बनना चाहती थी

सिल्वर स्क्रीन पर 1966 से देश ही नहीं पूरी दुनिया में अपनी अदाकारी से जादू बिखेरने चलाने वाली भानुरेखा गणेशन उर्फ रेखा आज 61 साल की हो गईं हैं। बॉलीवुड की बेहतरीन अदाकारा रेखा के बारे में कहा जाता है कि वो जो बनना चाहती थीं वह नहीं बन सकीं। रेखा हमेशा से दुनिया घूमना चाहती थीं और इसी वजह से वह एयरहोस्टेज बनने का सपना देखती थीं। लेकिन ऊपर वाले ने तो रेखा के हाथ में कुछ और ही रेखा खींच रखी थीं। कान्वेंट स्कूल में आयरिश ननों से शिक्षा प्राप्त करने के दौरान रेखा नन भी बनना चाहती थीं। रेखा की अभिनय में हालांकि कोई रूचि नहीं थी लेकिन बिगड़े आर्थिक हालातों के चलते उन्हें स्कूल छोड़कर एक्टिंग करनी पड़ी। 

रेखा ने 12 साल की उम्र में एक तेलुगु फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की जिसके तीन साल बाद उन्होंने एक कन्नड़ फिल्म से हीरोइन के तौर पर शुरुआत की। रेखा की पहली हिन्दी फिल्म 'अंजाना सफर' थी। इसमें उनके साथ विश्वजीत हीरो थे। रेखा की इस फिल्म में एक चुंबन दृश्य था जिसने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। फिल्म सेंसरशिप की समस्याओं में फंसकर करीब 10 साल बाद दो शिकारी नाम से रिलीज हुई थी। अपने 49 साल के फिल्मी करियर में रेखा ने हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ की 175 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

रेखा का जन्म आज ही के दिन 10 अक्टूबर, 1954 को चेन्नई (मद्रास) में तमिल अभिनेता जेमिनी गणेशन और तमिल अभिनेत्री पुष्पावली के घर हुआ था। रेखा को हिन्दी फिल्मों की सबसे अच्छी अभिनेत्रियों में से एक माना जाता है। वैसे तो रेखा ने अपने फिल्मी जीवन की शुरूआत बतौर एक बाल कलाकार तेलुगु फिल्म रंगुला रत्नम से की थी। लेकिन हिन्दी सिनेमा में उनकी पहचान 1970 में आई फिल्म 'सावन भादों' से हुई। रेखा की कुछ यादगार फिल्में खूबसूरत, खून भरी मांग, उमराव जान, धर्मात्मा, बीवी हो तो ऐसी हैं, जिसमें उन्होंने मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाई।

सिल्वर स्क्रीन पर भले ही रेखा कई अभिनेताओं के साथ जोड़ी बना चुकी हों, लेकिन जब बात उनकी रियल लाइफ की होती है तो उनकी जोड़ी हमेशा ही टूटती रही। रेखा की शादी यूं तो उद्योगपति मुकेश अग्रवाल से हुई थी, लेकिन उनका नाम कई अभिनेताओं के साथ जुड़ा। रेखा के लव लाइफ की लिस्ट में महानायक अमिताभ बच्चन के अलावा नवीन निश्चल, विश्वजीत, जितेंद्र, शत्रुघ्न सिन्हा, विनोद मेहरा जैसे अभिनेता भी शामिल रहे। लेकिन उनके जीवन में ऐसा कोई हमसफर नहीं आ सका जो उनके जीवन के सफर में हमसफर बन सकता। रेखा की कई शादियां भी हुई लेकिन सभी असफल रहीं। 

रेखा के जीवन और करियर में खासियतों की बात करें तो उन्हें डबिंग का शौक है। उन्होंने नीतू सिंह की आवाज में फिल्म याराना और स्मिता पाटिल की आवाज में फिल्म वारिस में डबिंग की है। रेखा को गाने का भी बहुत शौक है और उन्होंने संगीतकार आर डी बर्मन के कहने पर फिल्म खूबसूरत में दो गाने गुनगुनाए हैं। रेखा समय की बहुत पाबंद हैं और सभी जगह नियत समय पर पहुंचती हैं। रेखा ऐसी पहली हीरोइन थी जिन्होंने जिम जाना शुरू किया था। रेखा ने जिम में बैसिक एक्ससाइज से शुरुआत की थी। रेखा योग भी करती हैं। रेखा आज भी अपनी मांग में सिंदूर सजाती हैं, मंगलसूत्र पहनती हैं, लेकिन ये मंगलसूत्र और सिंदूर किसके नाम का है यह एक रहस्य है।

Trending news