Weather Update Today: मौसम की मेहरबानी खत्म! चिलचिलाती धूप सताएगी, जानें कितना रहेगा तापमान

Weather Update Today: दिल्ली के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है, लेकिन अगले चार से पांच दिन तक लू की आशंका नहीं है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है. 

Written by - Zee Hindustan Web Team | Last Updated : Jun 8, 2023, 08:47 AM IST
  • 2014 के बाद पहली बार लू के हालात नहीं
  • केरल में मानसून पहुंचने में हो चुकी है देरी
Weather Update Today: मौसम की मेहरबानी खत्म! चिलचिलाती धूप सताएगी, जानें कितना रहेगा तापमान

नई दिल्लीः Weather Update Today: दिल्ली के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है, लेकिन अगले चार से पांच दिन तक लू की आशंका नहीं है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है. 

एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ-कुछ समय के अंतराल पर बारिश होने से दिल्ली में जून की शुरुआत में उतनी गर्मी नहीं रही है, जितनी होती है. इस महीने में अधिकतम तापमान अब तक 40 डिग्री के नीचे रहा है. 

2014 के बाद पहली बार लू के हालात नहीं
आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला ने इस साल अब तक लू की स्थिति दर्ज नहीं की है और ऐसा 2014 के बाद पहली बार हुआ है. मौसम विज्ञानियों ने इस मानसून-पूर्व मौसम (मार्च से मई) में अधिक वर्षा और सामान्य से कम तापमान के लिए सामान्य से अधिक पश्चिमी विक्षोभ को जिम्मेदार ठहराया है. यह मौसम प्रणाली भूमध्यसागरीय क्षेत्र में उत्पन्न होती है और उत्तर-पश्चिम भारत में इससे बेमौसम बारिश होती है. 

केरल में मानसून पहुंचने में हो चुकी है देरी
हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि आगे लू नहीं चलेगी. केरल में मानसून की शुरुआत में पहले ही देरी हो चुकी है और मौसम विज्ञानियों ने चक्रवात बिपारजॉय के कारण दक्षिणी प्रायद्वीप से आगे मानसून में धीमी प्रगति की आशंका जताई है और राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है. 

आईएमडी ने पिछले महीने उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य या सामान्य से कम मानसून का अनुमान जताया था, जिसका अर्थ है अधिक शुष्क और गर्म दिन. 

36 साल में दिल्ली में मई माह में बेहद कम गर्मी
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में 36 साल में मई का महीना पहली बार बेहद कम गर्म दर्ज किया गया. इस बार अधिक बारिश के कारण अधिकतम तापमान औसतन 36.8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया. 

लू की स्थिति तब होती है, जब किसी मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पर्वतीय क्षेत्रों में 30 डिग्री तक पहुंच जाता है और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री तापमान अधिक होता है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के मुताबिक आज यानी 8 जून को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं लखनऊ में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 

यह भी पढ़िएः PM Kisan Yojana: अब किसानों को मिलेंगे 10 हजार रुपये, जानिए नई योजना से जुड़ी हर बात

 

Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.  

ट्रेंडिंग न्यूज़