)
Karnataka Assembly Election: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां जोरों पर हैं. कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है. इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं.
भाजपा से कांग्रेस में आए शेट्टर
जगदीश शेट्टर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी से अपना पुराना रिश्ता तोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं. कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची सौंपी है. स्टार प्रचारकों की सूची में खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और रणदीप सुरजेवाला, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कई अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं.
मोहम्मद अजहरुद्दीन होंगे स्टार प्रचारक
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार, सांसद शशि थरूर, अभिनेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर, पूर्व किक्रेटर एवं पूर्व सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन, भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. और कुछ अन्य नेताओं को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है.
सचिन पायलट का नाम सूची में नहीं
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का नाम इस सूची में नहीं है, हालांकि 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव की कांग्रेस स्टार प्रचारकों की सूची में उनका नाम था. पायलट ने पिछले कुछ विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस के लिए प्रचार किया है. कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को मतदान होगा और मतगणना 13 मई को होगी.
शेट्टर को BJP ने नहीं दिया टिकट
ख्याल रहे कि कर्नाटक विधासभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है. भाजपा के दिग्गज नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके जगदीश शेट्टर भाजपा से टिकट न मिलने की वजह से नाराज थे. उन्होंने भाजपा के टिकट पर आखिरी बार चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी, लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया. इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए. कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की जब पहली लिस्ट जारी की तो उसमें जगदीश शेट्टर को अपना उम्मीदवार बनाया है. अब कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों में भी जगदीश शेट्टर को जगह दी है.
Zee Salaam Live TV: