टाटा समूह 45000 करोड़ रुपए करेगा निवेश: मिस्त्री

टाटा समूह अगले दो साल में विभिन्न क्षेत्रों में 45,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करेगा और भारत के साथ उसका वैश्विक बाजारों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर जोर रहेगा।

नई दिल्ली : टाटा समूह अगले दो साल में विभिन्न क्षेत्रों में 45,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करेगा और भारत के साथ उसका वैश्विक बाजारों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर जोर रहेगा। टाटा समूह के नए प्रमुख साइरस पी मिस्त्री ने आज यह बात कही।
टाटा संस के चेयरमैन के रूप में अपने पहले संदेश में मिस्त्री ने कहा कि टाटा समूह में नेतृत्व बदल जाने के बावजूद उसकी मूल गतिविधियों में कोई बदलाव नहीं आयेगा। उन्होंने समूह की कंपनियों से कहा कि वे अपने अपने क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका में आयें।
नमक, रसायन, इंजीनियरिंग से लेकर साफ्टवेयर क्षेत्र में कार्यरत 100 अरब डालर के इस उद्योग समूह के नए प्रमुख 44 वर्षीय मिस्त्री ने 28 दिसंबर को रतन टाटा के सेवानिवृत्त होने के बाद कार्यभार संभाला है। टाटा करीब 50 साल तक टाटा समूह से जुड़े रहे। इसमें 21 बरस तक उन्होंने चेयरमैन के रूप में काम किया।
कर्मचारियों को अपने संदेश में मिस्त्री ने कहा कि रतन टाटा के नेतृत्व में समूह एक वैश्विक समूह के रूप में बदल सका और इसका आकार ‘अविश्वसनीय’ 100 अरब डालर के आंकड़े को पार कर गया। नए मुखिया ने कहा, ‘‘समूह के चेयरमैन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपे जाने के साथ ही बदलाव की बयार भी लाई है, लेकिन टाटा समूह की गतिविधियों के मूल में निश्चित रूप से बदलाव नहीं आयेगा।’’ मिस्त्री ने कहा, ‘‘यह डीएनए रूपी मूल जो टाटा का नाम है, इसके अलावा हमें हमारे समकक्षों से अलग पहचान देने वाला कुछ और नहीं है।’’ (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.