‘उ. कोरिया सुधार शुरू करे या नतीजे भुगते’

विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने चेतावनी दी है कि उत्तर कोरिया के नये शीर्ष नेता को आर्थिक रूप से पिछड़े अपने देश में लोगों के कल्याण के लिए सुधार शुरू करना चाहिए या फिर उसे दमन से पीड़ित अपने लोगों के गुस्से का सामना करने के लिए तैयार हो जाना चाहिए।

वाशिंगटन : विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने चेतावनी दी है कि उत्तर कोरिया के नये शीर्ष नेता को आर्थिक रूप से पिछड़े अपने देश में लोगों के कल्याण के लिए सुधार शुरू करना चाहिए या फिर उसे दमन से पीड़ित अपने लोगों के गुस्से का सामना करने के लिए तैयार हो जाना चाहिए।
हिलेरी ने किम जोंग उन से सीधे तौर पर कहा है कि युद्ध के लिए साजोसामान में निवेश करने के बजाय अपने लोगों को अन्न मुहैया कराएं। विदेश मंत्री अमेरिका और दक्षिण कोरिया के रक्षा प्रमुखों और शीर्ष राजनयिकों की एक बैठक के बाद बोल रही थीं। यह बैठक उत्तर कोरिया के बारे में थी।
किम जोंग उन की उम्र करीब 20 साल है और उन्होंने दिसंबर में अपने पिता के निधन के बाद उत्तर कोरिया की बागडोर संभाली है।
हिलेरी ने कहा कि अगर किम उत्तर कोरिया को 21 वीं सदी में ले जाते हैं तो इतिहास में उनका नाम परिवर्तनकारी नेता के तौर पर दर्ज हो सकता है। लेकिन अगर वह अतीत की तरह ही मॉडल अपनाते हैं तो उत्तर कोरिया खुद ही बदल जाएगा क्योंकि दमन, भूख, मानवाधिकारों के उल्लंघन जैसे हालात में लोग अधिक समय तक नहीं रह सकते।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि हमें उम्मीद है कि किम एक अलग रास्ता अपनाएंगे। किम उत्तर कोरिया में पिछले छह दशक से शासन कर रहे वंश के तीसरे नेता हैं। छह दशक के शासन के बावजूद यह वंश अपने ही लोगों को अन्न मुहैया नहीं करा पा रहा है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.