सिब्बल, हषर्वर्धन सहित कई प्रत्याशियों ने डाला वोट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर हो रहे चुनाव में विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने गुरुवार को अपना वोट डाला और चुनाव में अपनी जीत का विश्वास जताया।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर हो रहे चुनाव में विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने गुरुवार को अपना वोट डाला और चुनाव में अपनी जीत का विश्वास जताया।
केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हषर्वर्धन चांदनी चौक सीट से किस्मत आजमां रहे हैं। ये दोनों सबसे पहले अपना वोट डालने वालों में रहे। जब संवाददाताओं ने सिब्बल से पूछा कि क्या आम आदमी पार्टी के आशुतोष ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाते हुए उनकी चुनावी चुनौतियों को बढ़ा दिया तो उन्होंने कहा कि हर चुनाव अपने आप में चुनौती होता है।
इस बार के चुनाव प्रचार के बारे में सिब्बल ने कहा कि आप को निजी आरोप नहीं लगाने चाहिए, चुनाव मुददों पर लड़ा जाना चाहिए। प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए सिब्बल ने कहा कि लेकिन जो हो रहा है उससे ऐसा लगता है कि टीवी पर साबुन बेचा जा रहा है। यह चुनाव मुद्दों पर आधारित नहीं है, लेकिन विज्ञापन और वस्तुओं पर आधारित है। इस पर हमें खेद है। यहां वो लोग हैं जो अपने आप को बेचने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं और इसे जनता समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि इसलिए, यह एक विज्ञापन है, एक उत्पाद बेचा जा रहा है। यह लोकतंत्र का चुनाव नहीं है। प्रदेश भाजपा प्रमुख से जब यह पूछा गया कि क्या इस संबंध में फैसला ले लिया गया है कि वह सांसद बनने के बाद दिल्ली की राजनीति छोड़ देंगे तो उन्होंने कहा कि दिल्ली की राजनीति छोड़ने का कोई सवाल नहीं है। दिल्ली एक अभिन्न हिस्सा है। चाहे में यहां रहूं या वहां संसद में। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.