खराब मौसम की वजह से चारधाम यात्रा को रोका गया, बाबा रामदेव गंगोत्री में फंसे

उत्‍तराखंड में खराब मौसम की बजह से चार धाम यात्रा पर संकट के बादल छा गए हैं। जानकारी के अनुसार खराब मौसम और भारी बारिश के चलते चार धाम यात्रा को रोक दिया गया है।

उत्‍तराखंड: खराब मौसम की वजह से चारधाम यात्रा को रोका गया, बाबा रामदेव गंगोत्री में फंसे

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

देहरादून : उत्‍तराखंड में खराब मौसम की बजह से चार धाम यात्रा पर संकट के बादल छा गए हैं। जानकारी के अनुसार खराब मौसम और भारी बारिश के चलते चार धाम यात्रा को रोक दिया गया है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा को प्रशासन ने रोक दिया है। उत्‍तराखंड में अगले दो दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
 
गौर हो कि मंगलवार रात से उत्‍तराखंड में भारी बारिश हो रही है। अलकनंदा और मंदाकिनी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं।  केदारनाथ के रास्‍ते में मंदाकिनी नदी का जलस्‍तर काफी बढ़ गया है।  कुछ इलाकों के लोगों ने खतरे को देखते हुए अपना घर छोड़ दिया है। वहीं, बारिश की वजह से कई जगहों पर लोग फंसे हुए हैं। कई स्‍थानों पर भूस्‍खलन और भारी बारिश के चलते कई जगहों पर श्रद्धालु फंसे हुए हैं। वहीं, यह खबर भी है कि बाबा रामदेव गंगोत्री में फंस गए हैं।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड में कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान लगाया है जिसे लेकर राज्य में अलर्ट जारी कर दिया गया। पिछले साल भीषण प्राकृतिक आपदा की मार झेल चुके उत्तराखंड में मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासनिक अमला चौकस हो गया है और अलर्ट जारी कर दिया गया है। पिछले साल चार धाम यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु बाढ़ की चपेट में आकर मारे गए थे। इस वजह से प्रशासन ने श्रद्धालुओं को मौसम की दशाओं को लेकर चौकस रहने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरुप हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री तीर्थस्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं से तैयार रहने को कहा है और उन्हें मौसम से जुड़ी ताजा जानकारियां उपलब्ध करा रहा है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.