सतीश उपाध्याय ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष का कार्यभार संभाला

दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने शनिवार को औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के बाद कहा कि दिल्ली के लोगों ने भाजपा में विश्वास जताया है और पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी सेवा करने का हर संभव प्रयास करना चाहिए।

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने शनिवार को औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के बाद कहा कि दिल्ली के लोगों ने भाजपा में विश्वास जताया है और पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी सेवा करने का हर संभव प्रयास करना चाहिए।

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य के पार्टी प्रमुख के रूप में नियुक्त किए गए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दिल्ली भाजपा कार्यालय पर आयोजित एक समारोह में दिल्ली ईकाई का कार्यभार उपाध्याय को सौंपा।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपाध्याय ने कहा, ‘दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों को खारिज कर भाजपा में विश्वास जताया है। हमें दिल्लीवालों की सेवा करते रहने की सभी कोशिशें करनी होंगी।’

भाजपा कार्यकर्ता से राज्य में पार्टी के शीर्ष पद पर पहुंचने की अपनी यात्रा को याद करते हुए उपाध्याय ने कहा कि यह सिर्फ भाजपा ही है जहां एक व्यक्ति बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के पार्टी कार्यकर्ता के रूप में अपनी यात्रा शुरू कर इतना महत्व पा सकता है।

हर्षवर्धन ने नए प्रदेश प्रमुख की प्रशंसा करते हुए कहा कि पार्टी को पूर्णविश्वास है कि आने वाले दिनों में वह उपाध्याय के नेतृत्व में काफी सफलता हासिल करेगी। उन्होंने कहा, ‘पार्टी ने उपाध्याय को महत्वपूर्ण भूमिका दी है और मुझे विश्वास है कि वह इसे अच्छे से निभाएंगे।’

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.