मिस्र में दो बसों के बीच भिड़ंत में 33 लोगों की मौत, 41 घायल

मिस्र के दक्षिणी सिनाई में शर्म अल शेख रिजॉर्ट के नजदीक एक राजमार्ग पर दो पर्यटक बसों के बीच हुई भिड़ंत में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई और 41 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

काहिरा : मिस्र के दक्षिणी सिनाई में शर्म अल शेख रिजॉर्ट के नजदीक एक राजमार्ग पर दो पर्यटक बसों के बीच हुई भिड़ंत में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई और 41 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

अधिकारियों ने कहा कि दोनों बसें लगभग 80 यात्रियों को ले जा रही थीं, जिनमें विदेशी नागरिक भी शामिल थे। ये बसें सुबह शर्म अल शेख से 50 किलोमीटर की दूरी पर राजमार्ग पर टकराईं और इस टक्कर में 33 लोगों की मौत हो गई।

साउथ सिनाई में स्वास्थ्य मंत्रालय के अवर सचिव मोहम्मद लाशिन ने बताया कि मरने वालों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। लाशिन ने कहा कि शव अभी मलबे में से निकाले जा रहे हैं। इसके बाद ही मृतक संख्या की सही जानकारी मिल पाएगी। दुर्घटना स्थल पर 30 एंबुलेंसें भेज दी गई थीं।

मिस्र विश्व के उन देशों में से एक हैं, जहां लापरवाही से वाहन चलाने, खराब सड़कों और अन्य कारणों से सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और जिसके चलते हजारों लोग हर साल घायल हो जाते हैं या मारे जाते हैं।

पब्लिक मोबिलाइजेशन एंड स्टेटिस्टिक्स की केंद्रीय एजेंसी की हालिया रिपोर्ट में कहा गया कि मिस्र में 2013 में 15,578 कार दुर्घटनाएं हुईं। यह संख्या एक साल पहले हुई दुर्घटनाओं से 0.4 प्रतिशत अधिक थी, जिनमें 6,716 लोग मारे गए थे और 22,411 अन्य घायल हो गए थे।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.