जापान: मोदी ने किया स्कूल का दौरा, जापानी भाषा पढ़ाने के लिए मांगी मदद

भारत में शिक्षा के मानकों का उन्नयन करने के इच्छुक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान की अकादमिक प्रणाली को समझने के लिए आज यहां एक ‘छात्र’ के तौर पर 136 साल पुराने स्कूल गए ताकि ऐसी ही प्रणाली अपने देश में भी लागू की जा सके।

जापान: मोदी ने किया स्कूल का दौरा, जापानी भाषा पढ़ाने के लिए मांगी मदद

तोक्यो : भारत में शिक्षा के मानकों का उन्नयन करने के इच्छुक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान की अकादमिक प्रणाली को समझने के लिए आज यहां एक ‘छात्र’ के तौर पर 136 साल पुराने स्कूल गए ताकि ऐसी ही प्रणाली अपने देश में भी लागू की जा सके।

प्रधानमंत्री ने भारत में जापानी भाषा पढ़ाने के लिए यहां के शिक्षकों को आमंत्रित किया और 21 वीं सदी को सही मायने में एशिया की सदी बनाने के उद्देश्य से एशियाई देशों में भाषाओं तथा सामाजिक मूल्यों के लिए सहयोग को आगे बढ़ाने की अपनी वकालत के बीच ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का प्रस्ताव भी दिया।

मोदी ने तेइमेई एलीमेन्ट्री स्कूल में कहा कि यहां आने का मेरा इरादा यह समझना है कि आधुनिकीकरण, नैतिक शिक्षा और अनुशासन, जापान की शिक्षा प्रणाली में किस प्रकार एकाकार हुए है। मैं 136 साल पुराने स्कूल में सर्वाधिक उम्रदराज छात्र के तौर पर आया हूं। प्रधानमंत्री को उप शिक्षा मंत्री माएकावा केहाई ने जापान की शिक्षा प्रणाली, खास कर सरकार द्वारा संचालित प्रणाली और कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। मोदी ने कुछ सवाल पूछे जैसे पाठ्यक्रम कैसे तैयार किया जाता है, क्या प्रोन्नति के लिए परीक्षा एकमात्र मानदंड है, क्या छात्रों को दंड दिया जाता है और उन्हें नैतिक शिक्षा कैसे दी जाती है? मोदी ने कहा कि अब मैं ज्ञानवान महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि 21 वीं सदी एशिया की होगी। उन्होंने कहा कि इसे वास्तविकता में बदलने के लिए एशियाई देशों को भाषाओं और सामाजिक मूल्यों की दिशा में सहयोग बढ़ाना चाहिए।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.