सू की ने म्यांमार में शुरू किया चुनाव प्रचार

म्यांमार में अप्रैल में होने वाले चुनाव के लिए विपक्षी नेता आंग सान सू की ने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।

पाथेन (म्यांमार)  : म्यांमार में अप्रैल में होने वाले चुनाव के लिए विपक्षी नेता आंग सान सू की ने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। हजारों समर्थकों की भीड़ और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सू की ने प्रचार की कमान संभाली।

 

नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित नेता सू की ने दो दशकों तक नजरबंद रहने के बाद पहली बार इरावाडी डेल्टा का दौरा किया। इस इलाके को म्यांमा का धान का कटोरा कहा जाता है और वर्ष 2008 के चक्रवाती तूफान नरगिस में यह इलाका सर्वाधिक बर्बाद हुआ था।

 

सू की को समर्थन प्रदर्शित करने के लिए सड़कों के दोनों ओर भारी संख्या में लोग मौजूद थे। यंगून से इरावाडी की राजधानी पाथेन तक की चार घंटे की यात्रा में हजारों लोगों ने सू की को अपनी शुभकामनाएं दीं। चिलचिलाती धूप के बावजूद शहर के खेल स्टेडियम में दस हजार से अधिक लोग अपनी नेता को सुनने के लिए मौजूद थे।

 

चुनाव आयोग ने एक दिन पहले ही आधारिक रूप से उन्हें अप्रैल में होने वाले संसदीय उप चुनाव में उम्मीदवार स्वीकार किया है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.