भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक में पार्टी विस्तार पर होगा जोर
Advertisement

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक में पार्टी विस्तार पर होगा जोर

भाजपा की नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारणी की तीन अप्रैल से बेंगलुरु में होने वाली दो दिवसीय बैठक में उन राज्यों में पार्टी के आधार के विस्तार का खाका तैयार किया जाएगा जहां पार्टी कमजोर है, साथ ही राजग सरकार के कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के रास्तों पर भी चर्चा होगी।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक में पार्टी विस्तार पर होगा जोर

बेंगलुरु : भाजपा की नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारणी की तीन अप्रैल से बेंगलुरु में होने वाली दो दिवसीय बैठक में उन राज्यों में पार्टी के आधार के विस्तार का खाका तैयार किया जाएगा जहां पार्टी कमजोर है, साथ ही राजग सरकार के कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के रास्तों पर भी चर्चा होगी।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी की इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, लालकृष्ण आडवाणी समेत पार्टी के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे। मोदी यहां तीन दिन रहेंगे। इससे पहले पार्टी पदाधिकारियों की गुरुवार को बैठक होगी। बैठक में 111 सदस्य हिस्सा लेंगे। साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारणी के कुछ स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्य भी शामिल होंगे जिसमें भाजपा शासित राज्य के मुख्यमंत्री, राज्यों के अध्यक्ष, सभी पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा शासित राज्यों में उपमुख्यमंत्री शामिल हैं।

भाजपा महासचिव पी. मुरलीधर राव ने आज संवाददाताओं से कहा, ‘हम पार्टी का आधार बढ़ाने की कार्ययोजना को आगे बढ़ाएंगे विशेष तौर पर सात राज्यों में जिनमें असम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल शामिल हैं।’ उल्लेखनीय है कि अगस्त में अमित शाह को पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक पहले जनवरी में होनी थी लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की यात्रा के मद्देनजर प्रधानमंत्री की व्यस्तता के कारण इसे टाल दिया गया।

राव ने कहा कि इन राज्यों में भाजपा को शक्तिशाली पार्टी बनाने और इसे नंबर एक संगठन बनाने के मुद्दे पर चर्चा होगी। भाजपा ने रविवार को संगठन के दुनिया में सबसे बड़ा संगठन होने की घोषणा की जिसके सदस्यों की संख्या 8.8 करोड़ होने की बात कही गई। यह चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से अधिक है जिसके सदस्यों की संख्या 8.6 करोड़ है।

भाजपा महासचिव ने कहा, ‘पिछले चुनाव में पार्टी को काफी वोट मिले लेकिन कमजोर राज्यों में मजबूत बनना और इन राज्यों में नंबर एक पार्टी बनने का लक्ष्य है और हम इस दिशा में आगे बढेंगे। इस बैठक में कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जायेगा।’ राव ने कहा कि बैठक में लोगों तक पहुंच बनाने और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्ध्यिों को उनतक पहुंचाने पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा, ‘बैठक में इस बात पर चर्चा होगी कि नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक किस तरह से पहुंचाया जाये विशेष तौर पर किसानोन्मुखी और युवाओं से जुड़ी योजनाओं को। इस सभी विषयों पर बारीकी से चर्चा होगी और कार्य योजना तैयार की जायेगी। मुरलीधर राव ने कहा कि कार्ययोजना का अंगीकार करने से पहले भाजपा को भविष्य के लिए मजबूत बनाने पर भी चर्चा होगी। कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मोदी यहां एक रैली को 3 अप्रैल को संबोधित करेंगे। वह गुरुवार को शहर में आएंगे और चार अप्रैल तक रहेंगे।

Trending news