Advertisement
trendingNow1492823

PM की छात्रों के साथ चर्चा का प्रसारण स्कूलों में हो : महाराष्ट्र सरकार का सर्कुलर

महाराष्ट्र राज्य शिक्षा अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उनके सर्कुलर में साफ कहा गया है कि संवाद का प्रसारण करना स्कूलों के लिए अनिवार्य नहीं है.

पीएम नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
पीएम नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

मुंबई: महाराष्ट्र के शिक्षा विभाग ने स्कूलों से कहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद ‘परीक्षा पर चर्चा 2.0’ कार्यक्रम का मंगलवार को प्रसारण करें. यह कार्यक्रम डीडी नेशनल, डीडी न्यूज और डीडी इंडिया पर प्रसारित होगा और साथ ही विभिन्न वेबसाइटों पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा.

महाराष्ट्र राज्य शिक्षा अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उनके सर्कुलर में साफ कहा गया है कि संवाद का प्रसारण करना स्कूलों के लिए अनिवार्य नहीं है.

अधिकारी ने कहा, 'हमने केंद्र के दिशा निर्देशों के अनुसार स्कूलों को बस सूचित किया है. वे इसे प्रसारित करने या नहीं करने के लिए स्वतंत्र हैं. जब प्रधानमंत्री छात्रों के साथ संवाद करेंगे तो एक जैसे सवाल रखने वाले दूसरे लोगों को भी जवाब पाने का मौका मिलेगा.' 

Add Zee News as a Preferred Source

सर्कुलर के अनुसार, जो स्कूल स्क्रीनिंग करेंगे उन्हें उसी दिन कार्यक्रम की तस्वीरों और वीडियो समेत एक रिपोर्ट जमा करानी होगी. छठी कक्षा के ऊपर के छात्रों को कार्यक्रम में भाग लेना होगा.

विपक्ष ने की सर्कुलर की आलोचना
हालांकि, विपक्ष ने इस सर्कुलर की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार स्कूलों का चुनाव प्रचार अभियान के माध्यम के रूप में इस्तेमाल कर रही है.

राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने दावा करते हुए कहा, 'बीजेपी जानती है कि उनकी जमीन खिसक चुकी है और वे जल्द ही सत्ता में नहीं रहेंगे. वे परेशान होकर अब चुनाव प्रचार अभियान के लिए माध्यम के रूप में स्कूलों का इस्तेमाल कर रहे हैं.' 

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा कि ऐसा सर्कुलर जारी करना काफी आपत्तिजनक है. स्कूलों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखना चाहिए. निरुपम ने कहा, 'केंद्र और राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के लिए प्रचार करने के वास्ते दिन-रात काम कर रही हैं. इस सर्कुलर को जारी करना अत्यधिक आपत्तिजनक है. मैं राज्य से निजी या सरकारी स्कूलों पर दबाव नहीं डालने का अनुरोध करता हूं. बच्चों को राजनीति से दूर रखिए.' 

(इनपुट - भाषा)

About the Author
author img
Zee News Desk

Zee News Desk, रिपोर्टिंग और डेस्क टीम का एक मजबूत हिस्सा है, जो आपके लिए विश्‍वसनीय खबरें पेश करता है.  

...और पढ़ें

TAGS

Trending news