पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी घुसपैठ की कोशिश नाकाम

जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों की ओर से घुसपैठ की कोशिश नाकाम किए जाने के बाद पाकिस्तान के सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और अंधाधुंध गोलाबारी की।

पुंछ (जम्मू कश्मीर) : जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों की ओर से घुसपैठ की कोशिश नाकाम किए जाने के बाद पाकिस्तान के सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और अंधाधुंध गोलाबारी की।
रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी एस एन आचार्य ने बताया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर :पीओके: से चार हथियारबंद लोगों के एक समूह को सुबह करीब 9:50 बजे कृष्णा घाटी में भारतीय चौकी की ओर बढ़ते देखा गया।
उन्होंने कहा कि सतर्क भारतीय सैनिकों ने मोर्चा संभाल लिया और घुसपैठ कर रहे लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद ये लोग पीओके की ओर से भाग गए। घुसपैठ की कोशिश नाकाम किए जाने के बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने मंडी, कृष्णा घाटी और चाकन-दा-बाग में भारतीय चौकियों पर भारी गोलाबारी की।
आचार्य ने कहा कि मंडी सेक्टर में शेर शक्ति, पीपी1 और पीपी2, कृष्णा घाटी सेक्टर में कृपाण एवं क्रांति चौकियां तथा पुंछ सेक्टर में बहादुर, रेखा और नेक चौकियां भी गोलाबारी की चपेट में आईं। पाकिस्तानी सैनिकों ने छोटे हथियारों और 82 एमएम मोर्टार से भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की। भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी गोलाबारी की।
उन्होंने कहा कि गोलाबारी चल रही है और फिलहाल भारतीय पक्ष से कोई हताहत नहीं हुआ है। इस महीने पाकिस्तान की ओर से तीसरी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.