मालेगांव ब्लास्ट में चार्जशीट दाखिल, असीमानंद और पुरोहित का नाम नहीं

मालेगांव ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मुंबई की एक अदालत में चार्जशीट दाखिल की। इस चार्जशीट में असीमानंद, पूर्व लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत पुरोहित सहित संघ से जुड़े किसी व्यक्ति का नाम इस चार्जशीट में नहीं है।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली : साल 2006 के मालेगांव ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बुधवार को मुंबई की एक अदालत में चार्जशीट दाखिल की। इस चार्जशीट में चार लोगों का नाम है। असीमानंद, पूर्व लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत पुरोहित सहित संघ से जुड़े किसी व्यक्ति का नाम इस चार्जशीट में नहीं है। ऐसा माना जा रहा है कि संभव है एनआईए इस मामले में पूरक चार्जशीट भी दाखिल करेगी।
जो चार्जशीट एनआईए ने अदालत में दाखिल की है उसमें राजेन्द्र चौधरी, धान सिंह, मनोहर नरवरिया और रामजी कलसांगरा का नाम शामिल है। चार्जशीट में कहा गया है कि इन चारों के आरएसएस से संबंध हैं। मामले में सीधे तौर पर आरएसएस का नाम नहीं लिया गया है।
नासिक जिले के संवेदनशील मालेगांव में 8 सितंबर 2006 को एक मस्जिद के बाहर धमाका हुआ था। इसमें 37 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 100 से ज्यादा घायल हुए थे। धमाके के बाद एटीएस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। धमाके को लेकर नई जानकारियां सामने आने के बाद मकोका कोर्ट ने सभी 9 आरोपियों को जमानत दे दी थी। बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई। सीबीआई ने भी जांच में वही पाया जो एटीएस ने अपनी जांच में कहा था। बाद में एनआईए को जांच सौंप दी गई। मुंबई हमले के बाद 2009 में एनआईए का गठन हुआ था।
एनआईए ने इस मामले में एक संगठन से जुड़े 6 लोगों को गिरफ्तार किया। सबसे पहले देवेन्द्र शर्मा और लोकेश शर्मा को गिरफ्तार किया गया। दोनों संघ से जुड़े हुए हैं। 2008 में भी मालेगांव में ब्लास्ट हुआ था। इस केस में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और पूर्व लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत पुरोहित को गिरफ्तार किया गया।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.