दिल्‍ली, लखनऊ में सड़कों पर भिड़े आप और बीजेपी के कार्यकर्ता; केजरीवाल ने मांगी माफी

गुजरात में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं के बीच दिल्ली एवं लखनऊ में भिड़ंत हुई। दिल्ली और लखनऊ में आप के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया तो गुजरात में केजरीवाल की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो
नई दिल्ली/लखनऊ : गुजरात में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं के बीच दिल्ली, लखनऊ और इलाहाबाद में भिड़ंत हुई। दिल्ली और लखनऊ में आप के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया तो गुजरात में केजरीवाल की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उधर, अरविंद केजरीवाल ने हिंसक गतिविधि में आप कार्यकर्ताओं के शामिल होने पर अफसोस जताया और शांति एवं संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप कार्यकर्ताओं की गलती के लिए मैं खेद प्रकट करता हूं। मुझे हिरासत में लिए जाने पर उन्हें हिंसा नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गुजरात में यात्रा के दौरान उनके काफिले पर हमला करने का भी आरोप लगाया और कहा कि उनकी कार के शीशे तोड़ दिए गए।
लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के कुछ घंटों बाद ही सड़क पर हिंसा देखने को मिली। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय के समक्ष आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच घमासान हुआ जबकि ‘आप’ ने नरेन्द्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि मोदी केजरीवाल से डरे हुए हैं।
गुजरात के राधनपुर शहर में केजरीवाल को हिरासत में लिए जाने के विरोध में यहां भाजपा मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने पहुंचे ‘आप’ कार्यकर्ता मुख्यालय में घुस गए। केजरीवाल प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के गुजरात में विकास कराने के दावों का ‘निरीक्षण’ करने गुजरात गए हुए हैं। आप कार्यकर्ताओं ने मोदी के खिलाफ नारे लगाए कि वह केजरीवाल के दौरे से ‘डरे’ हैं और वह दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ पुलिस का उपयोग कर रहे हैं। जल्द ही आप कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता एक दूसरे से भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। दोनों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू करने के आरोप लगाए। वहां पहुंची पुलिस ने पानी के फुहारें छोड़ कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की।
भाजपा मुख्यालय के बाहर किसी जंग जैसा मंजर था। दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ पथराव कर रहे थे। भाजपा मुख्यालय के अंदर से बाहर जमा भीड़ पर प्लास्टिक की कुर्सियां भी उछाली गईं। पुलिस के अनुसार इस पथराव में दोनों तरफ के कम से कम पांच लोग घायल हुए। इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।
भाजपा के एक पदाधिकारी नलिन कोहली ने आरोप लगाया कि आप नेता एवं चांदनी चौक से उम्मीदवार आशुतोष ने यह हंगामा करवाया है। कोहली ने आशुतोष की गिरफ्तारी की मांग की। आप नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिंसा भड़काई। प्रदर्शनकारियों में शामिल आप नेता शाजिया इल्मी ने कहा कि हम अपने काफिले का रास्ता नहीं बदल सकते। केजरीवाल को हिरासत में लेने की क्या जरूरत थी? मोदी केजरीवाल से डरे हुए हैं। शाजिया ने कहा कि (कांग्रेस उपाध्यक्ष) राहुल गांधी औरंगाबाद में हैं, लेकिन उन्हें नहीं रोका गया। यह रैली कई दिन पहले से तय थी। आप नेता ने कहा कि हम पर पानी की फुहारें छोड़ने और पथराव करने की क्या जरूरत थी। मैं खुद यहां खड़ी थी। हम सिर्फ मोदी के खिलाफ नारे लगा रहे थे। आप नेता आशुतोष ने भी पुलिस कार्रवाई की निंदा की। हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस और भाजपा के बीच साठगांठ है। सभी आप से डरे हैं। आशुतोष ने इससे पहले अपने ट्वीट संदेश में केजरीवाल की हिरासत की निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि गुजरात में केजरीवाल की गिरफ्तारी साबित करती है कि मोदी उनसे और आप से डरे हैं और यह भी साबित होता है कि वह गुजरात को अपनी जागीर मानते हैं।
उधर, गुजरात में आप नेता अरविंद केजरीवाल की कार का शीशा तब क्षतिग्रस्त हो गया जब दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के सामने आप कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। कच्छ जिले के खरोही गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं और केजरीवाल के काफिले के साथ जा रहे लोगों के बीच आज शाम झड़प के वक्त कार का शीशा टूट गया। आप ने दावा किया है कि केजरीवाल का काफिला जब खरोही पहुंचा तो भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.