भारत में ‘सरोगेसी’के जरिए शासन किया गया: यशवंत सिन्हा

भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में पिछले करीब 10 वर्षों से चल रही सरकार ‘सरोगेसी’का एक उदाहरण है।

जयपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में पिछले करीब 10 वर्षों से चल रही सरकार ‘सरोगेसी’का एक उदाहरण है।
सिन्हा ने जयपुर साहित्य उत्सव से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘यह सच्चाई है कि भारत में सरोगेसी के जरिए शासन हो रहा है। संविधान की परंपराएं हैं जिनको बरकरार रखा जाना चाहिए।’
उन्होंने कहा, ‘ऐसा क्यों है कि हमारे सभी प्रधानमंत्री पहले लोकसभा सदस्य बने और फिर प्रधानमंत्री के रूप में कामकाज को आगे बढ़ाया। जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनीं तो वह राज्यसभा सदस्य थीं और बाद में वह लोकसभा की सदस्य बनीं।’ भाजपा नेता ने कहा कि दुर्भाग्य से मनमोहन सिंह इकलौते प्रधानमंत्री हैं जो 10 साल के कार्यकाल में एक भी चुनाव नहीं लड़े।
यह पूछे जाने पर कि ‘सरोगेसी’ बहुत ही तल्ख शब्द है तो उन्होंने कहा, ‘मैंने इसका जानबूझकर इस्तेमाल किया। मैं इसे तल्ख नहीं मानता हूं।’ भाजपा और अल्पसंख्यकों के बीच दूरी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्ष दलों ने अल्पसंख्यकों को पार्टी के बारे में गुमराह किया है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.