रांची में मोदी की रैली के लिए मैदान देने से इनकार

झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की 29 दिसंबर की प्रस्तावित रैली के लिए स्थानीय प्रशासन ने ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया है और कहा है कि रैली के लिए मैदान खाली नहीं है।

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की 29 दिसंबर की प्रस्तावित रैली के लिए स्थानीय प्रशासन ने ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया है और कहा है कि रैली के लिए मैदान खाली नहीं है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव बालमुकुंद सहाय ने बताया कि रांची के स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल नरेन्द्र मोदी की 29 दिसंबर को प्रस्तावित रैली के लिए मोरहाबादी मैदान उपलब्ध कराने में अपनी असमर्थता व्यक्त कर दी है।
भाजपा नेताओं ने 29 नवंबर को रैली के लिए नरेन्द्र मोदी की सहमति मिलने के बाद इस संबन्ध में जिला प्रशासन को मोरहाबादी मैदान आवंटित करने के लिए आवेदन किया था। सहाय के अनुसार आवेदन के समय जिला प्रशासन ने मैदान खाली न होने के संबन्ध में कोई सूचना नहीं दी लेकिन आज उन्होंने भाजपा को सूचित कर दिया है कि रैली की प्रस्तावित 29 दिसंबर की तिथि से पूर्व उक्त मैदान कई दिनों तक मेले के अनेक कार्यक्रमों में भरा रहेगा।
सहाय ने बताया कि मेलों का कारण बताकर प्रशासन राजनीतिक रैलियों के लिए उपयोग किये जाने वाले इस ऐतिहासिक मैदान को भाजपा को देने में आनाकानी आनाकानी कर रहा है जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला उपायुक्त से मुलाकात कर मामले पर पुनर्विचार करने और मोरहाबादी मैदान रैली के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
इस बीच, रांची के उपायुक्त विनय चौबे ने इस बात की पुष्टि की है कि 29 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान मोदी की रैली के लिए देने में प्रशासन अनेक कारणों से असमर्थ है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.