केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता का वचन

नरेंद्र मोदी सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के तहत केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों ने गुरुवार को अपने दफ्तरों और आवासीय इलाके में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए हर सप्ताह कम से कम दो घंटे काम करने का वचन लिया।

नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के तहत केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों ने गुरुवार को अपने दफ्तरों और आवासीय इलाके में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए हर सप्ताह कम से कम दो घंटे काम करने का वचन लिया।

केंद्र सरकार के प्रत्येक विभाग ने आज महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर अपने कर्मचारियों को शपथ दिलाने के लिए व्यापक बंदोबस्त किया था। पहली बार ऐसा हुआ जब चपरासी से सचिव स्तर तक के सभी कर्मचारियों को गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत अभियान में हिस्सा लेने के लिए कार्यालय बुलाया गया। यूं इस दिन सरकारी छुट्टी रहती है।

लोगों को उत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार के कार्यालयों और सड़कों के अगल-बगल, कार्यस्थलों और आसपास में सफाई सुनिश्चित करने के संदेश वाले बैनर लगे हुए थे। कुछ कर्मचारी विशेष रूप से डिजाइन की हुयी टी-शर्ट भी पहने हुए नजर आए जिस पर सफाई सुनिश्चित करने वाला संदेश था। गृह सचिव अनिल गोस्वामी ने गृह मंत्रालय और कार्मिक मंत्रालय के कर्मचारियों को शपथ दिलायी। सैकड़ों कर्मचारियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और वचन लिया। कार्मिक मंत्रालय में संयुक्त सचिव ममता कुंद्रा ने कहा कि यह एक जश्न की तरह है। कर्मचारी इसे मना रहे हैं। स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है। मुझे भरोसा है कि कर्मचारी दफ्तरों और जहां रहते हैं उन इलाकों में सफाई सुनिश्चित करेंगे। केंद्र सरकार के देश भर में करीब 30.98 लाख कर्मचारी हैं।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.