पांच नए राज्यपालों की नियुक्ति पर सरकार ने लगाई मुहर

केंद्र सरकार ने नए राज्यपालों के नाम पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति के पास राज्यपाल बनाने के लिए पांच नाम भेजे हैं।

पांच नए राज्यपालों की नियुक्ति पर सरकार ने लगाई मुहर

ज़ी मीडिया ब्यूरो/प्रवीण कुमार

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने नए राज्यपालों के नाम पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति के पास राज्यपाल बनाने के लिए पांच नाम भेजे हैं। बताया जा रहा है कि राज्यपाल की दौड़ में तीन पूर्व नौकरशाह भी शामिल हैं।

सरकार ने नए राज्यपाल के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री राम नाईक, उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व स्पीकर केसरी नाथ त्रिपाठी, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री बलरामजी दास टंडन और दिल्ली में भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा के नाम भेजे हैं।

सूत्रों के मुताबिक केसरीनाथ त्रिपाठी पश्चिम बंगाल के राज्यपाल बनाए जा सकते हैं, वहीं वीके मल्होत्रा को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया जा सकता है। राम नाइक को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल बनाया जा सकता है। इनके अलावा कैलाश जोशी को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया जा सकता है।

राज्य के गृह विभाग के सूत्रों के मुताबिक केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार शाम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फोन कर उन्हें केन्द्र की ओर से राज्य के राज्यपाल के रूप में त्रिपाठी के नामांकन के बारे में जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री का कहना है कि केन्द्र को त्रिपाठी के नामांकन से पहले उनके साथ इस मसले पर विचार विमर्श करना चाहिए था। हालांकि उन्होंने इसका विरोध नहीं किया है।

गृह मंत्रालय ने सूची पर अंतिम मुहर लगाने के लिए इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास भेज दिया। हालांकि ये साफ नहीं हो पाया है कि प्रधानमंत्री ने ब्राजील यात्रा पर रवाना होने से पहले नए राज्यपालों के नामों पर मुहर लगा दिया है या फिर वह स्वदेश लौटने के बाद इस सूची को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद ही राष्ट्रपति की तरफ से इन नामों की अधिसूचना जारी की जाएगी। अगर प्रधानमंत्री ने मुहर लगा दी होगी तो कल राष्ट्रपति की तरफ से नियुक्ति की अधिसूचना जारी हो जाएगी।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.