हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर तीरा में मोदी की परिवर्तन रैली आज

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश में परिवर्तन रैली को संबोधित करने वाले हैं। प्रदेश के सुजानपुर में दोपहर बाद करीब 12.30 बजे होने वाली इस रैली के लिए भाजपा की स्थानीय इकाई ने खास इंतजाम किए हैं।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
शिमला : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश में परिवर्तन रैली को संबोधित करने वाले हैं। प्रदेश के सुजानपुर में दोपहर बाद करीब 12.30 बजे होने वाली इस रैली के लिए भाजपा की स्थानीय इकाई ने खास इंतजाम किए हैं। हालांकि मौसम विभाग ने आज मौसम ठीक नहीं रहने की भविष्यवाणी की है, बावजूद इसके मोदी की रैली के लिए भारी भीड़ जुटने की उम्मीद की जा रही है।
लोगों के उत्साह को देखते हुए ही सुजानपुर में राज्य के सबसे बड़े मैदान को मोदी की रैली के लिए चुना गया है। भाजपा ने दावा किया है कि ये हिमाचल प्रदेश के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी। हिमाचल प्रदेश की पुलिस ने मोदी की रैली के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रैली के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए कम से कम एक हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। मंडी इलाके के पुलिस महानिरीक्षक पीएल ठाकुर खुद रैली स्थल पर सुरक्षा इंतजाम देख रहे हैं। गुजरात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल ने भी सुजानपुर तीरा का दौरा किया और रैली की जगह के साथ ही दूसरे इंतजामों के बारे में जानकारी ली। इस दल में एक पुलिस महानिरीक्षक और 13 आईपीएस अधिकारी शामिल थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.