एशियन गेम्स : निशानेबाज को रजत, सेजवाल ने तैराकी में जीता कांसा

निशानेबाजी में पुरूष पिस्टल टीम ने रजत पदक जीता जबकि संदीप सेजवाल ने तैराकी में कांस्य पदक दिलाया। इसके बावजूद भारत 17वें एशियाई खेलों के सातवें दिन कुल 17 पदक के साथ 16वें स्थान पर खिसक गया।

एशियन गेम्स : निशानेबाज को रजत, सेजवाल ने तैराकी में जीता कांसा

इंचियोन : निशानेबाजी में पुरूष पिस्टल टीम ने रजत पदक जीता जबकि संदीप सेजवाल ने तैराकी में कांस्य पदक दिलाया। इसके बावजूद भारत 17वें एशियाई खेलों के सातवें दिन कुल 17 पदक के साथ 16वें स्थान पर खिसक गया।

लंदन ओलंपिक के रजत पदक विजेता विजय कुमार, पेम्बा तमांग और गुरप्रीत सिंह की पिस्टल टीम ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल प्रतियोगिता में कुल 1740 का स्कोर बनाकर रजत पदक जीता। चीन ने 1742 स्कोर के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। तैराकी में 25 वर्षीय सेजवाल ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक जीता। वह हीट्स में शीर्ष पर रहे और बाद में फाइनल्स में उन्होंने 28.26 सेकेंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।

स्क्वाश में भी भारत को अच्छी खबर मिली है। भारत की पुरूष और महिला दोनों टीमें फाइनल में पहुंच गयी हैं और इस तरह से उनका कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है। कुल मिलाकर भारतीय दल के लिये मिश्रित सफलता वाला दिन रहा। बैडमिंटन की एकल स्पर्धा में स्टार शटलर साइना नेहवाल और पी कश्यप बाहर हो गये जबकि तीरंदाजों ने भी व्यक्तिगत रिकर्व में निराश किया।

महिला हाकी टीम ने मलेशिया पर 6-1 की जीत से खुद को पदक के दावेदारों में बनाये रखा है। भारत के खाते में दो पदक जुड़े लेकिन इसके बावजूद वह पदक तालिका में 16वें स्थान पर खिसक गया है। भारत ने अब तक एक स्वर्ण, दो रजत और 14 कांस्य पदक जीते हैं। चीन 172 पदक  (88 स्वर्ण, 47 रजत और 37 कांस्य) शीर्ष पर है। उसके बाद दक्षिण कोरिया (31 स्वर्ण, 37 रजत और 35 कांस्य) तथा जापान (29 स्वर्ण, 39 रजत और 34 कांस्य) का नंबर आता है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.