मुंबई इंडियंस को रोहित की कमी खली : राइट

लाहौर लायंस से चैम्पियंस लीग टी20 के पहले क्वालीफायर में हारने वाली मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच जान राइट ने कहा कि गत चैम्पियन टीम अपने नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में खराब शुरूआत के कारण हार गयी।

मुंबई इंडियंस को रोहित की कमी खली : राइट

रायपुर : लाहौर लायंस से चैम्पियंस लीग टी20 के पहले क्वालीफायर में हारने वाली मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच जान राइट ने कहा कि गत चैम्पियन टीम अपने नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में खराब शुरूआत के कारण हार गयी।

रोहित शर्मा चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं। पाकिस्तानी टीम से छह विकेट से शिकस्त के बाद मुंबई इंडियंस के कोच राइट ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘हां, हमें रोहित की कमी खली। हमें सचमुच अच्छी शुरूआत की जरूरत थी। हमने अच्छे रन बनाने के लिये तेजी की जरूरत थी। हमें इस क्षेत्र में सुधार करना होगा क्योंकि हमने धीमी शुरूआत की। हमें बोर्ड पर ज्यादा रन बनाने चाहिए थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लाहौर लायंस ने अच्छा काम किया और शुरू से अच्छी बल्लेबाजी की। हम शायद स्कोर में 20 रन से पिछड़ गये। हमें किसी ऐसे विशेष खिलाड़ी की जरूरत थी जो मैच में योगदान देता। ’’ उन्होंने उमर अकमल की 18 गेंद में 38 रन की पारी की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा, ‘‘वह (उमर अकमल) खेल के इस प्रारूप का खतरनाक खिलाड़ी है। हमें उसे जल्दी आउट करना चाहिए था।’’ न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने एक मैच के आधार पर टीम में काफी बदलाव की संभावनाओं से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘हम सिर्फ एक या दो मैच के बाद बड़े बदलाव नहीं कर सकते। हालांकि विकल्प खुले हैं, हम इस पर फैसला करेंगे।’’

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.