Advertisement
trendingNow1491844

Australian Open: जोकोविच सातवीं बार अंतिम-4 में पहुंचे, 15 साल में सेमीफाइनल कभी भी नहीं हारे

छह बार के चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच का सेमीफाइनल में फ्रांस के लुकास पाउले से मुकाबला होगा. 

नोवाक जोकोविच को क्वार्टर फाइनल में केई निशिकोरी के चोटिल होने का फायदा मिला. (फाइल फोटो)
नोवाक जोकोविच को क्वार्टर फाइनल में केई निशिकोरी के चोटिल होने का फायदा मिला. (फाइल फोटो)

मेलबर्न: वर्ल्ड नंबर-1 नोवाक जोकोविच ने अपने सातवें ऑस्ट्रेलियन ओपन (Australian open 2019) खिताब की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है. सर्बिया के जोकोविच ने बुधवार (23 जनवरी) को साल के पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. उन्हें क्वार्टर फाइनल में अपने प्रतिद्वंद्वी जापान के केई निशिकोरी के चोटिल होने का फायदा मिला. अब सेमीफाइनल में जोकोविच का मुकाबला फ्रांस के लुकास पाउले से होगा. 

छह बार के चैंपियन जोकोविच का क्वार्टर फाइनल में केई निशिकोरी से सामना हुआ. निशिकोरी पूरी तरह फिट नहीं थे और इसका असर उनके खेल पर भी दिखा. जोकोविच ने पहला सेट 6-1 से जीता. इसके बाद जब वे दूसरे सेट में 4-1 से आगे थे, तब निशिकोरी रिटायर्ड हर्ट हो गए. निशिकोरी के जांघ में चोट लगी थी. 

नोवाक जोकोविच ने आखिरी बार 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया था. वे 2008, 2011, 2012, 2013 और 2015 में भी यहां चैंपियन रह चुके हैं. सेमीफाइनल में उनके सामने फ्रांस के लुकास पाउले की चुनौती होगी, जिन्होंने कनाडा के मिलोस राओनिक को हराया. 

Add Zee News as a Preferred Source

वर्ल्ड नंबर-30 लुकास पाउले ने अपने से ज्यादा रैंक वाले मिलोस राओनिक को चार सेट तक चले क्वार्टर फाइनल में 7-6(7-4), 6-3, 6-7(2-6), 6-4 से हराया. वे इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहली बार से पहुंचे हैं. पहले दो सेट हारने के बाद राओनिक ने वापसी की और तीसरा सेट अपने नाम किया लेकिन पाउइले ने चौथा सेट जीत सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. यह मैच तीन घंटे दो मिनट तक चला.

स्पेन के राफेल नडाल और ग्रीस के स्टाफांसो सितसिपास ने भी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. नडाल ने क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के फ्रांसेस टिफोए को सीधे सेटों में 6-3, 6-4, 6-2 से मात दी. स्टाफांसो सितसिपास ने स्पेन के रॉबर्ट बातिस्ता अगुट को 7-5, 4-6, 6-4, 7-6 (7-2) से हराया. 

टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स का सेमीफाइनल भी तय हो गया है. इसमें चेक रिपब्लिक की कैरोलिना प्लिस्कोवा का मुकाबला जापान की नाओमी ओसाका से होगा. जबकि, चेक रिपब्लिक की पेत्रा क्वितोवा के सामने अमेरिका की डेनियला कॉलिंस होंगी.
 

About the Author
author img
Zee News Desk

Zee News Desk, रिपोर्टिंग और डेस्क टीम का एक मजबूत हिस्सा है, जो आपके लिए विश्‍वसनीय खबरें पेश करता है.  

...और पढ़ें

TAGS

Trending news